अपने सशक्त अभिनय से पहचान बनाने वाली स्मिता पाटिल और जाने-माने अभिनेता एवं कांग्रेस नेता राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर का जन्म 28 नवंबर 1986 को हुआ था। प्रतीक इस बार अपना 33वां जन्मदिन मनाएंगे। उन्होंने 'जाने तू या जाने ना', 'एक दीवाना था' और 'धोबी घाट' जैसी फिल्मों में काम किया है।
प्रतीक को जन्म देने के कुछ दिन बाद ही स्मिता पाटिल का निधन हो गया था। स्मिता को वायरल इन्फेक्शन की वजह से ब्रेन इन्फेक्शन हुआ था। स्मिता के अंग एक के बाद एक फेल होते चले गए। कहा जाता है कि एक वक्त था जब प्रतीक बब्बर अपने पापा से नफरत करते थे। मां की मौत के बाद से प्रतीक अपनी नानी के पास रह कर बड़े हुए।
प्रतीक ने एक इंटरव्यू में कहा था, मेरे पिता के पास मेरी बात सुनने का वक्त नहीं था। सब लोग मुझे मेरी मां की कामयाबी के बारे में बताते थे लेकिन मुझे उससे कोई फर्क नहीं पड़ता था। मेरे दिमाग में आवाजें कौंधती थी कि मेरी मां मेरे साथ क्यों नहीं है। बीबीसी से खास बातचीत में प्रतीक बब्बर ने कहा था, मैं मरने की कगार पर था।
प्रतीक बब्बर 12 साल की उम्र में ही ड्रग्स के आदी हो गए थे। इससे छुटकारा दिलाने के लिए उन्हें दो बार रिहैब सेंटर में भेजा गया था। प्रतीक ने इस बारे में बात करते हुए कहा था- ड्रग्स अडिक्शन ने मुझे लगभग मार दिया था। मेरी नानी, जो मेरी मां जैसी थीं, की इसी चिंता में मौत हो गई कि में एक ड्रग अडिक्टेड हूं।
प्रतीक बताते हैं कि उस वक्त वो बिना ड्रग्स के रह नहीं पाते थे। प्रतीक ने एमी जैक्सन संग अफेयर को लेकर भी सुर्खियां बटोरी थी। एमी जैक्सन ने हिंदी फिल्मों की शुरुआत प्रतीक बब्बर के साथ फिल्म ‘एक दीवाना था’ से की थी। इस दौरान दोनों के बीच प्यार पनपा। यहां तक की प्रतीक ने एमी के नाम का टैटू भी गुदवा लिया था, लेकिन ये मोहब्बत ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी। जल्द दोनों का ब्रेकअप हो गया।