'बाहुबली' सीरीज की अपार सफलता के बाद हर किसी को प्रभास की अगली फिल्म 'साहो' का बेसब्री से इंतजार है। यह इंतजार इसलिए भी खास है क्योंकि 'बाहुबली 2' के बाद प्रभास की कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिलीज नहीं हुई। ऐसे में लोगों का एक्साइटमेंट बहुत ज्यादा है। इस बीच प्रभास की 'साहो' फिल्म से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है जिसे जानकर इतना जरूर कहा जा सकता है कि प्रभास की साहो 'बाहुबली 2' का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों ने मुंबई मिरर से बात की। सूत्रों की मानें तो 'साहो' फिल्म के अबु धाबी में कुछ सीन्स शूट हुए हैं। इन एक्शन सीक्वेंस में कार, बाइक और हेलीकॉप्टर के द्वारा खतरनाक स्टंट सीन्स किए गए हैं। फिल्म के तीसरे शिड्यूल की शूटिंग प्रभास और श्रद्धा के साथ हैदराबाद में हो रही है। इसके बाद फिल्म की आखिरी शूटिंग रोमानिया में होगी।
जानकारी के मुताबिक 'साहो' फिल्म में प्रभास के स्टंट सीन्स 'बाहुबली' फिल्म से तीन गुना ज्यादा खतरनाक होंगे। खबरों की मानें तो फिल्म की शूटिंग इस महीने के आखिरतक खत्म हो जाएगी। कहा जा रहा है कि 'साहो' टॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म होगी। इस फिल्म में पहली बार श्रद्धा कपूर प्रभास के साथ नजर आएंगी।
'साहो' फिल्म की शूटिंग के दौरान की कई तस्वीरें वायरल हो चुकी है जिसमें प्रभास जबरदस्त लुक में नजर आए। 'साहो' में प्रभास के अलावा श्रद्धा कपूर, नील नितिन मुकेश, जैकी श्रॉफ और मंदिरा बेदी हैं। इस फिल्म को सुजीत डायरेक्ट कर रहे हैं। खबरों की मानें तो 'साहो' फिल्म उसी दिन रिलीज हो सकती है जिस दिन प्रभास की फिल्म 'बाहुबली 2' रिलीज हुई थी यानी कि 28 अप्रैल को।
सूत्रों की मानें तो इस बारे में 'साहो' के मेकर्स देशभर के डिस्ट्रीब्यूटर्स से बात कर रहे हैं। दरअसल, 'बाहुबली 2' के बाद प्रभास की लोकप्रियता काफी बढ़ गई है। ऐसे में 'साहो' के मेकर्स चाहते हैं कि इस फिल्म को ठीक उसी दिन रिलीज किया जाए जिस दिन 'बाहुबली 2' रिलीज हुई थी। फिलहाल इतना तो तय है कि प्रभास की साहो बॉलीवुड में तहलका जरूर मचा देगी।