ब्लॉकबस्टर फिल्म बाहुबली के बाद सुपरस्टार प्रभास अब अपनी अपकमिंग फिल्म साहो में नजर आने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग मार्च में शुरू होने वाली है। फिल्म को लेकर प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा हो चुका है। पहले फिल्म की शूटिंग जनवरी में शुरू की जा रही थी...
150 करोड़ के बजट में बन रही फिल्म साहो में प्रभास के साथ बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर लीड रोल में नजर आएंगी। सूत्रों के मुताबिक फिल्ममेकर ने दुबई में एक्शन सीन फिल्माने के लिए शिड्यूल बनाया था। लेकिन देरी होने के कारण यूएई सरकार ने परमिशन देने से इनकार कर दिया था।
लेकिन अब खबर आ रही है दुबई सरकार ने मार्च में शूटिंग के लिए हामी भर दी है। इससे पहले यह भी चर्चा चल रही थी कि फिल्म जनवरी 2019 से पहले बनकर तैयार नहीं हो जाएगी। फिल्म में प्रभास और श्रद्धा कपूर के साथ एक्टर नील नितिन मुकेश, चंकी पांडे, जैकी श्रॉफ और मंदिरा बेदी भी नजर आएंगे।
वहीं, इस बात की चर्चा की जा रही है कि फिल्म को जनवरी 2019 में रिलीज करने की पूरी कोशिश है। लेकिन फिल्म साहो के डायरेक्टर सुजीथ जब तक एक-एक सीन से संतुष्ट नहीं होते वे रीटेक ही लेते रहते हैं। ऐसे में फिल्म का 2019 तक बन पाना मुश्किल लग रहा है।
बता दें कि श्रद्धा कपूर फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर लीड रोल में होंगे। वहीं, सुपरस्टार प्रभास साहो के अलावा किसी और प्रोजेक्ट में हाथ नहीं डालना चाहते हैं।