हिंदी सिनेमा में नायिका की छवि को पूरी तरह बदल देने वाली परवीन बाबी पहली ऐसी भारतीय हीरोइन रहीं, जिन्हें टाइम मैगजीन ने अपने कवर पर जगह दी। 15 साल उन्होंने फिल्मों में काम किया, दर्जनों अफसाने बनाए, एक दर्जन फिल्में उस वक्त के एंग्री यंगमैन अमिताभ बच्चन के साथ कीं और बाद में अपने प्रेमी और फिल्म निर्देशक महेश भट्ट की कई फिल्मों का विषय भी बनीं। रुपहले परदे पर धूमकेतु की तरह चमक कर गायब हो गईं परवीन बाबी को इन 10 किरदारों ने सुपरस्टार बनाया।
होठों में सिगरेट, हाथों में जाम, नशीली शोखियों वालीं परवीन बाबी के इन किरदारों ने लूटे करोड़ों दिल
किरदार : शिखा
फिल्म : चरित्र (1973)
अपनी खूबसूरती से सबका मन मोह लेने वालीं परवीन बाबी ने इस फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी। फिल्म में उनका किरदार एक ऐसी मासूम लड़की का था जिसका पिता कर्ज के बोझों तले दबा है। कर्ज देने वाले की नजर शिखा पर है। मंझदार में फंसी शिखा कुछ भी न कर सकने की स्थिति में है। यह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हुई थी, लेकिन परवीन ने लाजवाब काम से वाहवाही लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
किरदार : नीलू
फिल्म : मजबूर (1974)
इस फिल्म की नीलू इस फिल्म के नाम के एक दम विलोम है, जो बहुत ही साहसी, हिम्मती और मौका लगने पर दूसरों को गच्चा देने वाली लड़की है। गंभीर हालात में गंभीर होने, और किन्हीं दूसरे हालातों के हिसाब से खुद को उन्हीं हालातों में ढाल लेना इस किरदार की खूबी है। फिल्म में उनके साथ मुख्य भूमिका में अमिताभ बच्चन हैं, जिनके साथ परवीन ने 12 फिल्में की हैं, उनमें से यह पहली फिल्म है। जाहिर है कि इसी फिल्म में दोनों का बेजोड़ संगम देखकर ही उन्हें बाकी फिल्मों में काम करने के लिए आमंत्रित किया गया होगा।
किरदार : अनीता
फिल्म : दीवार (1975)
यह फिल्म और इसके सभी किरदार लोगों को मुंह जुबानी अभी तक याद हैं। दीवार का नाम आते ही अमिताभ बच्चन की वह 'एंग्री यंग मैन' वाली छवि सामने आती है, लेकिन इसी फिल्म में परवीन को भी 'न्यू बॉलीवुड वूमन' के उपनाम से जाना गया था। जिस समय में औरतों को सिगरेट और शराब से हाथ लगाने पर भी समाज की प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी, उस समय में परवीन ने इस फिल्म में ये सारी बातों को दरकिनार करते हुए सब कुछ खुलकर किया। इसके बाद उनकी छवि एक साहसिक और समाज की परवाह न करने वाली महिला के रूप में बन गई।
किरदार : जेनी
फिल्म : अमर अकबर एंथनी (1977)
इस फिल्म में परवीन बाबी और अमिताभ बच्चन की व्यावसायिक रूप से सफल जोड़ी फिर से सामने आई। जेनी के किरदार में परवीन एक रईस बाप की अकेली संतान हैं। वह ईसाई हैं और इस किरदार को उन्होंने अपनी तरफ से स्थिति के अनुकूल पूरी तरह न्यायपूर्ण बनाया है। इस धर्मनिरपेक्ष फिल्म में जेनी वेस्टर्न कपड़े तो पहनती हैं, लेकिन ख्यालात से एकदम इंडियन हैं। शायद इसीलिए इस फिल्म की जेनी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।