बात चाहे फिल्म बाजीराव के लिए सिर मुंडवाने की हो या फिर पद्मावत' में गुस्सैल किरदार अलाउद्दीन का रोल निभाने की, रणवीर सिंह ने अपने रोल के साथ हमेशा पर्दे पर न्याय किया है। 'पद्मावत' की सफलता के बाद एक बार फिर रणवीर ने अपनी अगली फिल्म के लिए कमर कस ली है।
डायरेक्टर जोया अख्तर की फिल्म 'गली ब्वॉय' की शूटिंग शुरू हो चुकी है। इस फिल्म में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट के साथ लीड रोल निभाते नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म में रणवीर सिंह एक स्ट्रीट ब्वॉय का रोल निभाने वाले हैं।
फिल्म 'गली ब्वॉय' के किरदार में खुद को अच्छे से ढालने के लिए रणवीर को अपना वजन घटाना पड़ा है। बता दें, इससे पहले फिल्म 'पद्मावत' के लिए रणवीर को अपना वजन बढ़ाना पड़ा था। लेकिन 'गली ब्वॉय' के किरदार के लिए उन्होंने हाल ही में अपना वजन कम किया है।
खबरों की माने तो'गली ब्वॉय' के लिए रणवीर ने करीब 7 किलो वेट लॉस किया है। उनका नया लुक चौंकाने वाला है। वजन घटाने के बाद रणवीर ने अपनी एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। फोठो शेयर करते हुए रणवीर ने लिखा, मैं 81 किलो का था। जोया की फिल्म में मुझे दुबला दिखना था। जिसके लिए मैंने तीन हफ्तों में ही अपना 7 किलो वजन कम कर लिया। मैं अब 74 किलो का हूं।
बात अगर 'गली ब्वॉय' की कहानी की करें तो यह एक ऐसे लड़के के बारे में है, जो झुग्गी-बस्ती में पला बढ़ा है और बड़ा होकर चर्चित रैपर बन जाता है। माना जा रहा है कि यह रियल लाइफ रैपर डिवाइन और नैजी की कहानी है। हालांकि जोया अख्तर का कहना है कि फिल्म की कहानी किसी से प्रभावित नहीं है।