आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साले और पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव के बेटे नंदामूरी हरिकृष्णा का सड़क हादसे में निधन हो गया है। नंदमूरी हरिकृष्णा विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जा रहे थे। उनकी कार एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, तभी पलट गई। आइए बताते हैं पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव के बेटे नंदमूरी हरिकृष्णा के बारे में कुछ अनकहीं बातें।
नंदमूरी हरिकृष्णा का जन्म 2 सितंबर 1956 को आंध्रप्रदेश के निम्माकुरु में हुआ था। उन्होंने 60 के दशक में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट तेलुगू सिनेमा में डेब्यू किया था। नंदमुरी के पिता आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और एक्टर, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर नंदमुरी तारक रामा राव (एनटीआर) थे। हरिकृष्णा तेदेपा पोलित ब्यूरो के सदस्य और तेदेपा अध्यक्ष व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू के रिश्तेदार थे।
नंदमूरी की दो शादियां हुईं। हरिकृष्ण की दो पत्नियां लक्ष्मी और शालिनी हैं। उनके दो बेटे जूनियर एनटीआर और कल्याण राम और एक बेटी सुहासिनी है। उनके सबसे बड़े बेटे जानकी राम की भी 2014 में इसी जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। तब से परिवार के लिए नालगोंडा मनहूस रहा है।
2009 के जनरल इलेक्शन में तेलुगुदेशम पार्टी के कैम्पेन के बाद हैदराबाद लौट रहे नंदामूरी हरिकृष्णा के बेटे जूनियर एनटीआर की कार का भी नलगोंडा के सूर्यापेट में एक्सीडेंट हुआ था। हालांकि बाद में कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में इलाज के बाद वो ठीक हो पाए थे।
1996 में एनटीआर के निधन के बाद नंदामूरी हरिकृष्णा ने आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए हिंदुपुर से चुनाव लड़ा। यह उनके पिता का निर्वाचन क्षेत्र था। इसके बाद, हरिकृष्णा ने नायडू के मंत्रिमंडल में परिवहन मंत्री के रूप में काम किया। हरिकृष्णा को 'तेल्ला पेल्लमा, तातम्मा काला, राम रहीम, दामा वीरा शुरा कर्णा, श्री रामुल्या और 'सीतारामा राजु जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।