महज 36 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह चुकीं मधुबाला को बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस कहा जाता है। हमेशा खुश रहने वाली मधुबाला ने असल जिंदगी में काफी तकलीफें झेली थीं। हाल ही में New York Times अखबार में मधुबाला का जिक्र किया गया। साथ ही उनकी जिंदगी की तुलना हॉलीवुड एक्ट्रेस मर्लिन मुनरो से की।
दरअसल, New York Times दुनिया भर की 14 महिलाओं के बारे में जिक्र करके उनको एक तरह से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इसके पीछे का तर्क दिया गया है कि साल 1851 से अब तक हमेशा पुरुषों का ही जिक्र हुआ। इसके साथ ही मधुबाला और मर्लिन की निजी जिंदगी की समस्याओं के अलावा फिल्मों की भी तुलना की गई।
अखबार में छपे आर्टिकल में कहा गया मर्लिन और मधुबाला की जिंदगी से जुड़ी कुछ चीजें काफी हद तक मिलती जुलती थीं। फिर चाहे छोटा फिल्मी सफर हो या फिर दुखद अंत। इसका जिक्र खतीजा अकबर ने मधुबाला की बायोग्राफी में भी किया है। उस वक्त का भी जिक्र किया गया है जब मधुबाला ने कहा था कि वो खुद को खो चुकी हैं।
जब मधुबाला से अपने बारे में बताने के लिए कहा गया उस वक्त एक लाइन से उनके दिल का दर्द छलक आया था। मधुबाला ने कहा था - '9 साल की उम्र में फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। उस दिन मैंने अपने आप को खो दिया था। जब आप अपने बारे में सब कुछ भूल चुके हैं तो अपने बारे में लोगों को बताने के लिए कुछ नहीं बचता।'
इसके साथ ही कहा गया कि मधुबाला को अमेरिकन फिल्ममेकर फ्रैंक कैपरा जेआर ने फिल्म का ऑफर भी दिया था। हालांकि उस वक्त मधुबाला की फिल्मों का चुनाव उनके पिता करते थे जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को करने से इंकार कर दिया था। अगर ऐसा होता तो आज उनका नाम हॉलीवुड एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल होता। मधुबाला को हमेशा खूबसूरती के लिए ही याद किया जाता है लेकिन उनके काम को नहीं। फिल्म 'चलती का नाम गाड़ी' में उनकी कॉमिक टाइमिंग लाजवाब थी जिसका तोड़ अब तक किसी फिल्म में नहीं मिला।