बाला साहेब के रोल में मुझे देख क्या बोले उद्धव ठाकरे? नवाज ने खास इंटरव्यू में किए कई खुलासे
यूपी के नवाजुद्दीन ने महाराष्ट्र के ठाकरे का किरदार बहुत बखूबी निभाया, इस किरदार को लेकर कोई ऐसी प्रतिक्रिया, जिसे आप अपने किरदार की जीत मानते हों?
मुझे महाराष्ट्र के लोगों से ही तारीफ मिली सबसे ज्यादा और जो करीब थे। उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से बहुत तारीफें मिली हैं। बहुत सारी चीजें इन लोगों ने मुझे बताई भी थीं। इन लोगों ने फिल्म देखने के बाद कहा कि आपने सब कुछ हूबहू उनकी तरह ही किया है तो जब इन लोगों से इतनी तारीफ मिल गई तो किसी दूसरे की जरूरत क्या है।
मंटो, ठाकरे और अब फोटोग्राफ। एक किरदार से दूसरे किरदार में जाने की आपकी प्रक्रिया क्या रहती है? क्या कभी किसी किरदार का हैंगओवर फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद भी कायम रहा?
जी हां, अक्सर रहा है। मंटो के किरदार का हैंगओवर बहुत दिनों तक रहा लेकिन उसको खत्म करना पड़ता है क्योंकि आपको नया रोल करना पड़ता है। ठाकरे का किरदार भी फिल्म खत्म होने के बाद कई हफ्तों तक मेरे ऊपर रहा। जिस किरदार के अंदर आप घुस जाते हैं, उससे निकलने में थोड़ा सा वक्त लगता है।
फोटोग्राफ के डायरेक्टर रितेश बत्रा कहते हैं कि रफी के किरदार के लिए उनकी आंखों के सामने आपका चेहरा ही तैरता रहा? क्या किसी कलाकार को किन्हीं खास किरदारों के लिए ही सोचा जाना ठीक लगता है आपको?
किसी भी निर्देशक की अपनी एक सोच होती है लेकिन सबसे अच्छी बात यह है कि जो भी निर्देशक मेरे बारे में सोचते हैं, बहुत अलग सोचते हैं। वह हमेशा एक अलग किरदार सोचते हैं और ये चैलेंजिंग होता है मेरे लिए। ये अलग सोच रखने वाले डायरेक्टर हैं और ये सोचते हैं कि यह किरदार बिल्कुल अलग है नवाज से लेकिन नवाज कर लेगा इसको। यह सब सुनकर एक कलाकार को अच्छा लगता है।
सेक्रेड गेम्स का गणेश गायतोंडे जन्म से ब्राह्मण है लेकिन वह चौखाने वाली लुंगी भी पहनता है और गले में ताबीज जैसा भी कुछ बांधे रहता है, इस किरदार का ये गेटअप कहां से आया?
देखिए माहौल होता है एक। मुंबई में ऐसे लोगों के साथ गणेश गायतोंडे रहा जहां पर माहौल ऐसा होता है तो उसी माहौल के हिसाब से आपका पहनावा बदलता रहता है।