भारतीय सिनेमा जगत में अपनी दिलकश अदाओं से दर्शकों को दीवाना बना देने वाली ना जाने कितनी अभिनेत्रियां हुईं लेकिन चालीस के दशक में एक ऐसी अभिनेत्री थी जिसे ‘ब्यूटी क्वीन’ कहा जाता था। आज के दौर के सिने प्रेमी शायद ही उन्हें जानते हों और वह थीं नसीम बानो। 04 जुलाई 1916 को जन्मीं नसीम बानो की परवरिश शाही ढंग से हुई थी और वह स्कूल पढ़ने के लिए भी पालकी से जाती थीं। नसीम बानो की सुंदरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें किसी की नजर ना लगे इसलिए वह हमेशा पर्दे में रहती थीं।
दिलीप कुमार से था खास रिश्ता
नसीम बानो लोकप्रिय अभिनेत्री सायरा बानो की मां और प्रसिद्ध अभिनेता दिलीप कुमार की सास थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म खून का खून से की थी। एक बार नसीम स्कूल की छुट्टियों में अपनी मां के साथ फिल्म सिल्वर किंग की शूटिंग देखने गईं और इसे देखकर ही उन्होंने फैसला किया कि वह भी एक्ट्रेस बनेंगी। स्टूडियो में नसीम की सुंदरता देखकर उन्हें फिल्मों में काम करने का ऑफर भी मिल गया था लेकिन उनकी मां ने बच्ची कहकर इन प्रस्तावों का ठुकारा दिया था। आइए जानते हैं कुछ और रोचक तथ्य ...
2 of 5
नसीम बानो
- फोटो : सोशल मीडिया
इसी दौरान फिल्म निर्माता सोहराब मोदी ने अपनी फिल्म खून का खून के लिए नसीम को बतौर मुख्य अभिनेत्री के लिए ऑफर दिया। इस बार भी नसीम की मां ने इंकार कर दिया लेकिन इस बार नसीम अपनी जिद्द पर अड़ गईं कि उन्हें अभिनेत्री बनना ही है। इतना ही नहीं नसीम ने अपनी बात मनवाने के लिए भूख हड़ताल भी कर दी। आखिरकार उन्होंने फिल्म में काम करना शुरू कर दिया।
3 of 5
नसीम बानो
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म खून का खून की कामयाबी के बाद नसीम बानो की ख्याति पूरे देश में फैल गई। सभी फिल्मकार नसीम को अपनी फिल्म में काम करने की गुजारिश करने लगे। इन सब बातों को देखते हुए नसीम बानो ने स्कूल छोड़ दिया और खुद को सदा के लिए फिल्म इंडस्ट्री को समर्पित कर दिया। उसके बाद तो नसीम बानो ने सोहराब मोदी के साथ कई फिल्में कीं। जिनमें तलाक, मीठा जहर, बसंती जैसी फिल्में शामिल थीं लेकिन फिल्म पुकार में नसीम नूर जहां का किरदार निभाकर मशहूर हो गईं।
4 of 5
नसीम बानो
- फोटो : सोशल मीडिया
नसीम बानो ने मियां अहसान-उल हक से शादी की। उन्होंने ताज महल पिक्सर्स बैनर भी शुरू किया, जिसके तले कई फिल्मों का निर्माण हुआ। बंटवारे के समय दोनों पाकिस्तान चले गए। लेकिन नसीम बानो अपने दो बच्चों को लेकर वहां से भारत वापस चली आईं। एक रिपोर्ट के मुताबिक सायरा बनो और दिलीप कुमार की शादी में नसीम की बड़ी भूमिका थी।
5 of 5
सायरा बानो, दिलीप कुमार और नसीम बानो
- फोटो : सोशल मीडिया
साठ के दशक में आई फिल्म ‘अजीब लडक़ी’ बतौर अभिनेत्री नसीम बानो के सिने करियर की अंतिम फिल्म थी। इस फिल्म के बाद नसीम ने अपने सफलतापूर्वक चल रहे सिने करियर से संन्यास ले लिया। इसकी मुख्य वजह थी कि उस समय उनकी बेटी सायरा बानो फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। नसीम अपनी बेटी से तुलना नहीं करना चाहती थीं इसलिए उन्होंने निश्चय किया कि वह अब फिल्में नहीं करेंगी। उसके बाद नसीम ने बतौर फैशन डिजाइनर काम शुरू किया और अपनी बेटी की कई फिल्मों के लिए उन्होंने ड्रैसेज डिजाइन कीं। आखिरकार 18 जून 2002 को 85 साल की उम्र में नसीम ने अंतिम सांस ली।