सोशल मीडिया पर किसी भी वक्त कोई भी सेलेब की मौत की अफवाह उड़ जाती है। पिछले कुछ दिनों से अफवाह थी कि अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री रहीं मुमताज का निधन हो गया है। गुजरे जमाने की जानी-मानी अभिनेत्री मुमताज के परिवार ने उनके निधन की खबरों को खारिज किया। इतना ही नहीं मामले पर मुमताज की बेटी को सामने आकर अपनी मां के सेहतमंद होने की खबर देनी पड़ी।
अब अपनी मौत की उड़ रही अफवाहों से मुमताज दुखी हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया से हुई बातचीत में मुमताज ने बताया है कि मौत की अफवाह उड़ने के बाद उनके पास दुनियाभर से लोगों के कॉल आए जो यह जानना चाहते थे कि वह जीवित हैं या नहीं। उन्होंने बताया कि इस तरह की अफवाहों से खासतौर पर उनके परिवार को कितनी परेशानी होती है।
मुमताज ने आगे कहा कि वह इस बात से हैरान हैं कि भारत में जहां एक ओर उन्हें सुपरस्टार मानते हैं वही लोग उनके मरने का इंतजार भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पता नहीं क्यों लोग उनकी मौत की अफवाह फैला रहे हैं वह भी एक साल में दो बार। मुमताज ने आगे कहा कि, 'अगली बार अगर ऐसा सच होता है तो कोई भी यकीन नहीं करेगा। शेर आया शेर आया वाली मिसाल हो जाएगी।'
मुमताज ने आगे बताया कि वह अपने परिवार के साथ काफी खुशी से जी रही हैं, उन्हें किसी चीज की अब इच्छा नहीं है। उनके पास प्यार करने वाला पति, परिवार और शुभचिंतक हैं। उन्होंने कहा कि वह कामना करती हैं कि जब उनकी मौत हो तो वह शांति से सोने के दौरान इस दुनिया से गुजरें।
मुमताज 70 साल की हैं और लंदन में अपने परिवार के साथ रहती हैं। पिछले साल अप्रैल में भी उनके निधन की अफवाह उड़ी थी, जिसे मुमताज की छोटी बेटी तान्या ने सोशल मीडिया पर खारिज किया था। 1970 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार मुमताज ने ‘मेला’, ‘अपराध’ ‘नागिन’, ‘ब्रह्मचारी’, ‘राम और श्याम’, ‘दो रास्ते’ और ‘खिलौना’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का जौहर दिखाया है।