आईपीएल में सट्टेबाजी करने के मामले में सलमान खान के भाई अरबाज खान मुश्किल में फंस गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अरबाज खान ने पूछताछ में कबूल किया कि वो आईपीएल की सट्टेबाजी में शामिल थे। माना जा रहा है मलाइका अरोड़ा से तलाक के पीछे भी सट्टेबाजी ही थी। इसी के साथ ही एक और शख्स भी चर्चा में आ गए हैं जिन्होंने फिक्सिंग के पूरे मामले का खुलासा किया।
ये शख्स और कोई नहीं बल्कि मुंबई पुलिस के इंस्पेक्टर और आईपीएल सट्टेबाजी की जांच कर रही टीम में शामिल प्रदीप शर्मा हैं। आईपीएल फिक्सिंग का खुलासा करते हुए प्रदीप शर्मा ने बताया कि 'सट्टेबाजी रैकेट से बुकी सोननू जालान का सालाना टर्नओवर करीब 100 करोड़ है। जालान के नाम पर कई मामले दर्ज हैं। पाकिस्तान, अफगानिस्तान, सउदी अरब, दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों में उसका सिंडीकेट है। वहीं, भारत में अहमदाबाद, दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, चंडीगढ़ में उसका गैंग एक्टिव है।'
प्रदीप शर्मा को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से जाना जाता है। वो करीब 25 सालों से मुंबई पुलिस में हैं। इस दौरान उन्होंने अंडरवर्ल्ड से जुड़े 113 गैंगरस्टर्स का एनकाउंटर किया है।
हालांकि 1983 बैच के पुलिस अफसर प्रदीप शर्मा का विवादों से पुराना नाता रहा है। इसमें से एक बड़ा विवाद उनके निलंबन से जुड़ा है। प्रदीप शर्मा को अगस्त 2008 में पुलिस सर्विस से निलंबित कर दिया गया था। इस दौरान उन्हें कई विभागीय जांच और कार्रवाई का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं एनकाउंटर के अलावा शर्मा पर अंडरवर्ल्ड से सांठ-गांठ के भी आरोप लगे।
मुंबई पुलिस में ज्वाइनिंग के बाद प्रदीप शर्मा का ट्रांसफर स्पेशल ब्रांच में हो गया। उस समय दाऊद इब्राहिम, छोटा राजन जैसे अपराधी पुलिस की हिट लिस्ट में थे। प्रदीप शर्मा ने उस समय दो कुख्यात बदमाशों का एनकाउंटर किया था। बाद में विवादों में नाम आने पर प्रदीप शर्मा को 4 साल की जेल भी काटनी पड़ी। बाद में कोर्ट ने उन्हें बरी किया।