#MeToo अभियान के द्वारा अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने खुद पर हुए यौन उत्पीड़न का खुलासा कर न केवल पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई हैं बल्कि, उनकी इस बेबाकी ने बॉलीवुड ही नहीं बल्कि जिन लड़कियों के साथ कभी भी शारीरिक उत्पीड़न हुआ है उन्हें अपनी बात रखने का एक रास्ता भी दे दिया है। हाल ही में तनुश्री ने #MeToo अभियान के तहत खुलासा किया था कि साल 2008 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' की शूटिंग के दौरान अभिनेता नाना पाटेकर ने उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की थी। इस बीच बुधवार को तनुश्री ने नाना पाटेकर के खिलाफ बड़ा कदम उठा लिया है।
वह बुधवार को ओशिवारा पुलिस स्टेशन पहुंची और अब नाना के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो गया है। तनुश्री से थाने में करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई। उधर, महाराष्ट्र महिला आयोग ने भी नाना से इस मामले में 10 दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण जमा कराने का आदेश दिया है। 10 साल पहले फिल्म की शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगने के बाद अब नाना पाटेकर की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
बताया जा रहा है कि तनुश्री अपने वकील नितिन सत्पुते के साथ बुधवार को ओशिवरा थाना पहुंची। इस दौरान मीडिया से बचने के लिए उन्होंने काला बुर्का पहन रखा था। उनके वकील ने 40 पेज की शिकायत पुलिस को सौंपी, जिसमें नाना के अलावा तीन अन्य लोगों के खिलाफ भी शिकायत थी। ये तीन नाम कोरियोग्राफर गणेश आचार्य, प्रोड्यूसर सामी सिद्दीकी और निर्देशक राकेश सारंग के माने जा रहे हैं।
पुलिस ने तनुश्री से करीब 5 घंटे तक पूछताछ कर मामले की छोटी से छोटी जानकारी ली, इसके बाद नाना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया गया। इस शिकायत में 2008 में पुलिस को दी गई शिकायत का भी जिक्र किया गया, जिसे तब थाना पुलिस ने दबा दिया था। वहीं शिकायत दर्ज होने के बाद इस मामले में अभी तक नाना पाटेकर का कोई बयान नहीं आया है।
आपको बता दें कि अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने पिछले हफ्ते मीडिया के सामने आते हुए कहा है कि साल 2008 में एक फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के एक आइटम नंबर की शूटिंग के दौरान अभिनेता नाना पाटेकर ने यौन उत्पीड़न की कोशिश की थी। फरहान अख्तर, प्रियंका चोपड़ा, स्वरा भास्कर, अनुराग कश्यप सहित बॉलीवुड की तमाम बड़ी हस्तियां तनुश्री के साथ खड़ी नजर आ रही हैं।