बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता महेश मांजरेकर का जन्म 16 अगस्त 1958 को हुआ था। इस साल महेश अपना 62वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। महेश एक बेहतरीन अभिनेता हैं, जो हर किरदार में घुल जाते हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई चैलेंजिंग किरदार निभाए हैं। अभिनय के मामले में महेश बॉलीवुड के सितारों से किसी मायने में कम भी नहीं है। महेश मांजरेकर के जन्मदिन पर आपको बताते हैं उनसे जुड़े कुछ किस्से...
महेश मांजरेकर केवल अभिनेता ही नहीं बल्कि निर्देशक, लेखक और निर्माता भी हैं। उन्होंने अपनी हर भूमिका को बखूबी निभाया है और अपना जलवा दिखाया है। एक दशक से भी ज्यादा समय से बॉलीवुड में सक्रिय महेश मांजरेकर ने संजय दत्त के साथ फिल्म वास्तव से बॉलीवुड में कदम रखा था। वास्तव का निर्देशन करने के साथ उन्होंने इस फिल्म में एक अहम भूमिका भी निभाई थी। वास्तव की सफलता के बाद उन्होंने अस्तित्व और कुरुक्षेत्र जैसी फिल्में बनाई और साथ ही साथ अपने अभिनय का दम भी दिखाया।
हालांकि महेश मांजरेकर फिल्मों में अभिनय करना नहीं चाहते थे। महेश फिल्मों में निर्देशक के तौर पर पहचान बनाना चाहते थे। लेकिन अपनी ही फिल्म के निर्देशन में उन्होंने छोटे- छोटे किरदार निभाकर अपने अभिनय करियर में पैर जमाए। निर्देशक के तौर पर तो महेश मांजरेकर बॉलीवुड में वास्तव से ही पहचान बना चुके थे। अभिनेता के रूप में उन्होंने पहचान वास्तव के तीन साल बाद 2002 में आई फिल्म कांटे से मिली।
महेश मांजरेकर का राज बल्ली का किरदार दर्शकों और फिल्म समीक्षकों को काफी पसंद आया। उनके किरदार और अभिनय की सराहना भी खूब की गई थी। इसके बाद से ही उनकी एक्टिंग का सिलसिला भी आगे बढ़ता गया। महेश मांजरेकर ने कई फिल्मों में काम किया है। उन्होंने फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर में भी काम किया था। इस फिल्म ने कई ऑस्कर पुरस्कार भी जीते थे। फिल्म में महेश मांजरेकर डॉन के किरदार में नजर आए थे।