हिंदी सिनेमा में 'साइड विलेन' और 'कॉन्ट्रेक्ट किलर' की भूमिका अदा करने वाले मशहूर अभिनेता महेश आनंद का निधन हो गया है। वह 57 साल के थे। 80 और 90 के दशक की ज्यादातर फिल्मों में उनकी जरूरत सबसे ज्यादा हुआ करती थी। गौरतलब है कि हाल ही में उन्होंने गोविंदा की फिल्म 'रंगीला राजा' से बॉलीवुड में कमबैक किया था। उन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर गोविंदा के साथ फिल्मों में काम किया है।
महेश का फिल्मों में ये कमबैक 18 साल बाद हुआ था। इससे पहले उन्हें साल 2000 में आई संजय दत्त की सुपरहिट फिल्म 'कुरुक्षेत्र' में बतौर साइड विलेन देखा गया था। महेश ने अपने फिल्मी करियर में एक से एक हिट फिल्म में दमदार अभिनय किया था। जिसमें अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म 'शहंशाह' और गोविंदा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'स्वर्ग' शामिल है।
महेश ने शहंशाह (1998) और स्वर्ग (1990) के अलावा फिल्म मजबूर (1989), थानेदार (1990), विश्वात्मा (1992), गुमराह (1993), खुद्दार (1994), बेताज बादशाह (1994), विजेता (1996) जैसी फिल्मों में सराहनीय काम किया था। सूत्रों के मुताबिक अपने आखिरी दिनों में महेश मुंबई में अपने वर्सोवा निवास में अकेले रह रहे थे।
बता दें कि साल 2002 से उनका पत्नी से कोई नाता नहीं था। वहीं, जब उनकी पूर्व पत्नी से उनकी मौत के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें उनकी मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और वह पिछले 17 सालों से अलग रही हैं। बता दें कि महेश ने हाल ही में एक फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया था कि 18 जनवरी 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'रंगीला राजा' में उनका रोल सिर्फ 6 मिनट का है। लेकिन वह बड़े परदे पर वापसी करने को लेकर बहुत खुश थे।
इंटरव्यू में महेश ने बताया था कि फिल्म इंडस्ट्री में काम ना मिलने के बाद वह पैसों की तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने बताया था कि '18 सालों में मुझे किसी ने भी फिल्म के लिए साइन नहीं किया लेकिन भगवान ने मेरी सुनी और मुझे 'रंगीला राजा' में रोल करने का मौका मिला, फिल्म जगत में मेरे लिए यह बड़ी उपलब्धि थी, दरअसल, 18 सालों तक मुझे इससे कोई परेशानी नहीं हुई लेकिन काम और पैसा ना होने की वजह से मैं 18 साल अकेला रहा।'