'लव आज कल' में कार्तिक आर्यन के किरदार का ये है सलमान खान कनेक्शन, पोस्टर साझा कर किया इशारा
कार्तिक आर्यन लगातार अपनी फिल्म 'लव आज कल' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म के पहले पोस्टर से ही फैंस के बीच उन्हें लेकर दिवानगी देखी जा रही है। 14 फरवरी को रिलीज होने जा रही इस फिल्म से जुड़े पोस्टर्स और प्रोमो वीडियो एक के बाद सोशल मीडिया पर दस्तक दे रहे हैं। इसी बीच कार्तिक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खास पोस्टर साझा किया है। इस पोस्टर के जरिए फिल्म में उनके किरदार रघु से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आ गई है। फिल्म में कार्तिक आर्यन का यह किरदार सलमान खान का जबरा फैन नजर आ रहा है।
सामने आए पोस्टर में कार्तिक ऑटो के सहारे जमीन पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। उनके ठीक बगल में ड्राइवर सीट के नीचे नब्बे के दशक की सलमान खान की तस्वीर चिपकी हुई है। रघु और सलमान के हेयर स्टाइल से लेकर शारीरिक भाषा सभी हूबहू एक जैसे हैं। इससे साफ नजर आता है कि प्यार में डूबा कार्तिक का यह किरदार 'भाईजान' से काफी प्रभावित है। सिर्फ इतना ही नहीं फिल्म से जुड़ी जो नई जानकारी सामने आई है उसके अनुसार रघु पर हिंदी फिल्मों का बहुत असर है और काफी हद उसका रोमांस करने के तरीके भी इससे प्रभावित है।
इस तस्वीर को शेयर करते हुए कार्तिक ने कैप्शन में लिखा है, 'मैंने भी प्यार किया, मेरे दूसरे रूप से मिलिए।' गौरतलब है कि इम्तियाज अली निर्देशित इस फिल्म में कार्तिक आर्यन दो भूमिकाएं निभा रहे हैं। उनका पहला किरदार राघवेन्द्र उर्फ रघु उदयपुर के स्कूल में पढ़ता है जिसे अपनी ही क्लास की एक लड़की लीना (आरुषी शर्मा) से प्यार हो जाता है। तो वहीं कार्तिक का दूसरा किरदार 2020 में दिल्ली में रहने वाले वीर का है । जो पेशे से एक सॉफ्टवेयर प्रोग्रामर है। वह जोइ (सारा) के प्रति आकर्षित होता है।