बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन की फिल्म धमाका रिलीज होने वाली है। यह फिल्म 19 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इससे पहले वह लगातार अपनी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में उन्हें अपने दोस्त के साथ सड़क पर चाइनीज खाते हुए भी देखा गया था। फिल्म धमाका को राम माधवानी ने डायरेक्ट किया है। कार्तिक आर्यन ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि इस फिल्म की शूटिंग एक कमरे में हुई है। अब कार्तिक आर्यन ने बताया है कि जब उनको ट्रोल किया जाता है और उनकी आलोचना होती है, तो ऐसी स्थिति में वह अपनी मां को कैसे समझाते हैं?
कार्तिक आर्यन ने कहा: विवादों से पड़ता है परिवार पर असर, मम्मी को बहुत समझाता हूं!
दरअसल, कार्तिक आर्यन अपनी मां से बहुत प्यार करते हैं। वह मां से अपने प्यार को इजहार करने से कभी नहीं कतराते। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले कार्तिक आर्यन के पोस्ट और वीडियो में भी उनकी मां दिखाई देती हैं। अब उन्होंने खुलासा किया है कि जब वह ट्रोल होते हैं, तो अपनी मां को किस तरह से इसे लेकर समझाते हैं।
वह जल्द ही अब अपने करियर की पहली थ्रिलर धमाका में नजर आएंगे। उन्होंने बताया है कि वह विवादों को कैसे संभालते हैं। कार्तिक का कहना है कि कई बार जब चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, तो यह एक हद तक प्रभावित होता है कि ऐसा क्यों हो रहा है? ऐसी स्थिति में मुझे अपने परिवार के लिए बुरा लगता है क्योंकि वे इस दुनिया यानी कि इंडस्ट्री से संबंधित नहीं हैं। चूंकि मैं इसी से हूं।
उन्होंने कहा कि मैं फिल्म इंडस्ट्री से हूं और जानता हूं कि कुछ भी मायने नहीं रखता है और आपको बस अपने काम पर ध्यान देने की जरूरत है। पर कई बार परिवार प्रभावित होते हैं। केवल यही एक चीज है जिससे मुझे कभी-कभी चिंता होती है। इसके अलावा, कोई फर्क नहीं पड़ता।
कार्तिक आर्यन ने कहा, मुझे पता है कि मेरा काम हमेशा बोलता रहेगा। अगर मैं कहीं पिछड़ रहा हूं, तो मैं इसमें सुधार करना चाहता हूं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपने परिवार के सदस्यों को स्थिति के बारे में समझाते हैं। कार्तिक ने कहा, हां बहुत समझाता हूं.. मम्मी को बहुत समझाता हूं।