'बेबी डॉल' और 'चिट्टियां कलाइयां वे' जैसे गानों से सभी को दीवाना बनाने वाली सिंगर
कनिका कपूर ने विदेश में जाकर बॉलीवुड के अलावा भारत का भी नाम रोशन किया है। उन्होंने अपने गाने से विदेशियों का दिल तो जीता ही, साथ ही बॉलवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की यादों को भी ताजा कर दिया।
दरअसल, कनिका कपूर ने लंदन स्थिति बकिंघम पैलेस में अपने गानों की प्रफोमेंस दी। जहां उन्होंने 1976 में अमिताभ बच्चन और रेखा स्टारर फिल्म 'कभी-कभी' का टाइटल ट्रेक गाकर सुर्खियां बटोर लीं। इसी के साथ ही कनिका पहली ऐसी भारतीय सिंगर हो गई हैं जिन्होंने बकिंघम पैलेस में गाना गाया। खास बात यह है कि कनिका को खुद प्रिंस चार्ल्स ने आमंत्रित किया था।
ब्रिटिश एशिया ट्रस्ट के दसवें वार्षिकोत्सव पर कनिका को बुलाया गया था। यहां उन्होंने ब्रिटिश म्यूजिक प्रोड्यूसर नॉटी ब्वॉय के साथ हिंदी गानों की परफॉमर्मेंस दी। इस मौके पर कनिका ने कहा कि वो विदेश में बॉलीवुड के गानों को गाकर काफी खुश हैं।
कनिका ने अपने सिंगिंग परफॉर्मेंस की शुरुआत 1983 में आई फिल्म 'हीरो' के 'लंबी जुदाई' गाने से की और अंत 'कभी कभी मेरे दिल में ख्याल आता है' गाने से किया। आपको बता दें कि कनिका कपूर ने फिल्म 'रागनी एमएमएस-2' सहित 'रॉय', 'हेट स्टोरी' जैसी कई फिल्मों में गाने गाए हैं। उन्हें कई म्यूजिक अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।