बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत का महाराष्ट्र सरकार के साथ विवाद जारी है। अभिनेत्री सोशल मीडिया के जरिए शिवसेना और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को निशाने पर लेती रहती हैं। कंगना रणौत के मामले को लेकर आम से लेकर खास तक, सभी की अपनी अलग-अलग राय है, लेकिन इस बीच साउथ सिनेमा और बॉलीवुड के मशहूर कलाकार प्रकाश राज ने अभिनेत्री पर कटाक्ष किया है।
प्रकाश राज ने कंगना रणौत पर किया कटाक्ष, साझा किया मजेदार मीम
प्रकाश राज सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर अक्सर बेबाकी से अपनी राय भी रखते रहते हैं। प्रकाश राज ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक मीम साझा किया है। जिसमें कंगना रणौत के अलावा दीपिका पादुकोण, ऋतिक रोशन, शाहरुख खान, अजय देवगन, आमिर खान और विवेक ओबेरॉय अपनी ऐतिहासिक फिल्मों के किरदार में नजर आ रहे हैं।
इस मीम में लिखा है, 'अगर एक फिल्म बनाने के बाद कंगना को लगता है कि वह रानी लक्ष्मीबाई हैं तो फिर दीपिका पद्मावत, ऋतिक अकबर, शाहरुख खान आशोका, अजय देवगन भगत सिंह, आमिर खान मंगल पांडे और विवेक ओबेरॉय मोदी जी हैं।' इस मीम को साझा करते हुए प्रकाश राज ने कंगना रणौत पर कटाक्ष करते हुए अपने ट्वीट में लिखा- #justasking (बस पूछ रहा हूं)।
#justasking pic.twitter.com/LlJynLM1xr
सोशल मीडिया पर प्रकाश राज की ओर से साझा किया गया कंगना रणौत पर बनाया मीम खूब वायरल हो रहा है। तमाम सोशल मीडिया यूजर इस मीम पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गौरतलब है कि कंगना रणौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच हुई बहस ने राजनीतिक रूप ले लिया है। एक तरफ जहां जुबानी जंग तेज होती गई, वहीं दूसरी तरफ बीएमसी ने बीते बुधवार को कंगना के ऑफिस (मणिकर्णिका फिल्म्स) पर बुलडोजर चला दिया था।
कंगना रणौत के मुंबई स्थित ऑफिस पर बीएमसी की ओर से बुलडोजर चलाए जाने के बाद उद्धव ठाकरे सरकार की चारों ओर आलोचना हो रही है। सरकार में सहयोगी एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी इस पर अपना विरोध जताया है। इतना ही नहीं इस सिलसिले में कंगना रणौत रविवार को प्रदेश के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भी मुलाकत की है। राज्यपाल ने भी कंगना के ऑफिस में तोड़फोड़ करने पर नाराजगी जाहिर की थी।
पढ़ें: इस वजह से अक्षय कुमार ने फैंस से मांगी माफी, कहा- 'मैं पढ़ और देख रहा था कि...'