अभिनेत्री कंगना रणौत लगभग हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं और कई बार अपने ट्वीट को लेकर ट्रोलिंग का सामना भी करती हैं। इसके अलावा कंगना खबरों पर भी पैनी नजर रखती हैं और उस पर भी वो अपनी प्रतिक्रिया देती हैं। इस वक्त मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह और महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख सुर्खियों में आ गये हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व कमिश्नर ने अनिल देशमुख पर हर महीने 100 करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाया है। अब इस खबर पर कंगना ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
गृहमंत्री अनिल देशमुख पर लगे आरोप पर कंगना रणौत ने दी प्रतिक्रिया, बोलीं- जब मैंने महाराष्ट्र सरकार के भ्रष्टाचार...
कंगना रणौत ने एक मीडिया संस्थान की इस खबर को रिट्वीट करते हुए लिखा, 'जब मैंने महाराष्ट्र सरकार के भ्रष्टाचार और खराब प्रशासन के बारे में बोला तो मुझे काफी गालियां, धमकियां और आलोचनाएं झेलनी पड़ीं। लेकिन जब मेरे शहर के प्रति मेरे प्यार और निष्ठा पर सवाल उठाये गये, तब मैं चुपचाप रोईं। जब उन्होंने मेरा घर तोड़ा तब कई लोगों ने खुशी मनाई।'

कंगना ने आगे लिखा, 'आने वाले दिनों ये सभी की पूरी तरह से पोल खुल जाएगी। आज मैं दृढ़ हूं इसलिए ये साबित होता है कि मेरे बहादुर राजपुताना खून में देश के प्रति निष्ठा और सच्चा प्यार बहता है, जो मेरे और मेरे परिवार का पालन पोषण करता है। मैं एक सच्ची देशभक्त हूं।'

इसके पहले कंगना रणौत ने परमबीर सिंह के ट्रांसफर की खबर को रिट्वीट करते हुए लिखा था, 'ये वहीं व्यक्ति है जिसने मुंबई की सड़कों पर मेरे बारे में अपमानजनक आर्ट को प्रोत्साहित किया। जब मैंने बदला लिया तो सोनिया सेना के द्वारा उसका बचाव किया गया और उन्होंने बदले के लिए मेरा घर तोड़ डाला। आज देखो शिवसेना ने उसे बाहर निकाल दिया। ये शिवसेना के अंत की शुरूआत है।'
बता दें कि हाल ही में परमबीर सिंह को मुंबई के पुलिस कमिश्नर पद से हटाया गया था। परमबीर सिंह ने चिट्ठी में लिखा कि सचिन वाजे ने मुझे बताया था कि अनिल देशमुख ने उससे हर महीने 100 करोड़ रुपये मांगे हैं। परमबीर का आरोप है कि अनिल देशमुख ने सचिन वाजे को कई बार घर पर मिलने के लिए बुलाया था। गृह मंत्री ने वाजे को फंड का जुगाड़ करने के लिए भी कहा था। इतना ही नहीं वाजे को हर महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली का भी टारगेट दिया था। हालांकि, महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने परमबीर सिंह के आरोपों को झूठा बताया है और मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात कही है।