18 साल पहले मेघना नायडू ने 'कलियों का चमन' गाने से रातोंरात सनसनी मचा दी थी। कोई पार्टी हो या फिर फंक्शन हर जगह यह गाना लोगों की जुबान पर चढ़ गया था। यहां तक की लड़कियां मेघना के गाने में किए गए स्टेप्स को कॉपी करने की कोशिश करने लगी थीं। हाल ही में मेघना एक बार फिर से सुर्खियों में है लेकिन इस बार कोई गाना या फिर फिल्म नहीं बल्कि उनके घर पर हुई चोरी ने मीडिया में तहलका मचा दिया है।
मेघना नायडू ने खुद फेसबुक पर पोस्ट शेयर कर अपने साथ हुए फ्रॉड का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि गोवा के घर पर रह रहे किराएदार घर का सामान लेकर फरार हो गए। फिलहाल इस मामले की तहकीकात करने में पुलिस जुटी है। मेघना नायडू का नाम बॉलीवुड की बोल्ड एक्टर्स की लिस्ट में शुमार है।
साल 2000 में मेघना का 'कलियों का चमन' गाना सुपरहिट साबित हुआ था। इसके बाद मेघना ने कई सारी फिल्मों में काम किया लेकिन उनकी कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई। इन फिल्मों में हवस, क्या कूल हैं हम और जैकपॉट फिल्में शामिल हैं।
एक के बाद एक फिल्म फ्लॉप होने के बाद मेघना ने टेलीविजन की ओर रुख किया। जिसमें रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 1' और 'डांसिंग क्वीन' शामिल है। इसके बाद मेघना फेमस टीवी सीरियल 'जोधा अकबर' और 'ससुराल सिमर का' में पाताली देवी के रूप में दिखाई दीं।
कुछ दिन पहले ऐसी खबरें आई थीं कि मेघना 10 साल बाद फिल्मों में वापसी करने जा रही हैं। मेघना हमेशा से ही बोल्ड किरदारों में नजर आई हैं और इस बार भी वह एक सेक्स वर्कर का किरदार निभाती बड़ी स्क्रीन पर नजर आएंगी। मेघना बांग्ला फिल्म 'सितारा' से कमबैक करेंगी और इस फिल्म में उनका रोल एक सेक्स वर्कर का होगा।