अपनी डिंपल स्माइल और परफेक्ट बॉडी की वजह से लाखों लड़कियों की दिल की धड़कन बने जॉन अब्राहम जल्द ही अपनी फिल्म 'परमाणु' से लोगों के दिल पर दस्तक देने वाले हैं। फिल्म को लेकर जॉन अब्राहम के साथ उनकी प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा भी काफी उत्साहित है। जल्द ही पीएम मोदी के लिए इस फिल्म की एक स्पेशल स्क्रीनिंग भी रखी जानी है।
फिल्म की प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा का मानना है कि उनकी फिल्म बॉलीवुड की अब तक की सबसे देशभक्त फिल्म है। बता दें कि फिल्म की कहानी पोखरण पर आधारित है। क्रिएज एंटरटेनमेंट की फिल्म 'परमाणु' में जॉन अब्राहम अहम भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म 'परमाणु' की खासियत यह है कि इस फिल्म को करने से पहले जॉन ने खुद इस विषय पर काफी रिसर्च वर्क किया था। यही कारण है कि अपनी फिल्म को लेकर लीड रोल करने वाले जॉन को लगता है कि उनकी फिल्म देश भर के लोगों के दिल को आसानी से छू लेगी।
बता दें कि फिल्म का राजनीति से जुड़ा होने की वजह से फिल्म की प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा अपनी फिल्म को पीएम मोदी को दिखाने के लिए भी काफी उत्सुक हैं। इस फिल्म पर मीडिया से बात करते हुए अभिनेता और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि यह फिल्म भारत के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण पन्ना खोलने वाली फिल्म है। उनका कहना है कि 'हमें इस तरह की फिल्म को अपना प्रोत्साहन और समर्थन देना चाहिए।
भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि इस फिल्म को टैक्स में भी छूट मिलनी चाहिए ताकि फिल्म का मैसेज ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। बता दें कि फिल्म की कहानी साल 1988 में भारतीय सेना के पोखरण परमाणु परीक्षण पर आधारित है। इस फिल्म को 23 फरवरी को रिलीज किया जाएगा।