बॉलीवुड की डेब्यू जोड़ी यानी जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर की फिल्म 'धड़क' रिलीज से पहले काफी सुर्खियां बटोर रही हैं। इस बीच यह दोनों फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। ईशान और जाह्नवी की यह फिल्म इस शुक्रवार को रिलीज होने वाली है। यह दोनों स्टार अपनी फिल्म के प्रमोशन में जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। प्रमोशन के दौरान ईशान की हीरोइन जाह्नवी कपूर ने अपनी और ईशान की दोस्ती और उनकी पसंद नपसंद को लेकर बड़े खुलासे किए हैं।
जी हां अंग्रेजी वेबसाइट डीएनए की खबर के अनुसार जाह्नवी कपूर ने बताया है कि जब वह पहली बार ईशान से मिली तो उन्हें कैसा लगा। जाह्नवी के अनुसार ईशान खट्टर से उनकी पहली मुलाकात 'धड़क' फिल्म के निर्देशक शशांक खेतान के ऑफिस में हुई। जाह्नवी ने बताया कि ईशान की एनर्जी को देखकर वह हैरान रह गईं। उनकी इस चीज से वह काफी प्रभावित हुई।
जाह्नवी कपूर ने अपनी दिल की बातों को विस्तार से बताते हुए आगे कहा कि फिल्म 'धड़क' की शूटिंग के दौरान वह ईशान के साथ ज्यादा समय बिताने लगीं। इस दौरान उनके बीच अच्छे सबंध बन गए। पता हो कि 'धड़क' की शूटिंग के दौरान से ही मीडिया में इस तरह की खबरें हैं कि जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर किसी रिश्ते में हैं।
जाह्नवी कपूर ने यह भी कहा कि ईशान खट्टर हर चीज के लिए उत्साहित रहते हैं। उनके अंदर काफी प्रतिभा हैं। आपको बता दें कि फिल्म 'धड़क' फिल्म नेशनल अवॉर्ड विनिंग मराठी फिल्म 'सैराट' की रीमेक है। फिल्म की कहानी जाति व्यवस्था के बीच पनपते प्यार को दर्शाती है। इस फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है और करण जौहर ने इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 20 जुलाई 2018 को रिलीज हो रही है।