इरफान खान की आने वाली फिल्म ब्लैकमेल के ट्रेलर लॉन्च के बाद फैंस को इसके रिलीज होने का इंतजार है। फिल्म से पहले इरफान की इस फिल्म का दूसरा गाना रिलीज किया गया है। पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के ही सॉन्ग 'पटोला' को इस बार रीक्रिएट किया गया है। पुराने हिट गानों को रीक्रिएट करने का ट्रेंड पहले से ही चल रहा है।
'पटोला' के इस नए वर्जन को इरफान खान और कीर्ति कुल्हारी पर फिल्माया गया है। गाने में इरफान दूल्हे के वेश में शादी के मंडप में खड़े हुए हैं। गुरु रंधावा ने इसे एक फ्रेश फील के साथ गाया है। यह तय है कि पटोला इस साल का पार्टी सॉन्ग बनने वाला है। यही वजह है कि गाने की रिलीज के बाद अब तक करीब 35 लाख व्यूज हो चुके हैं।
'पटोला', इरफान और गुरु का एक साथ दूसरा गाना है। इससे पहले दोनों 'हिंदी मीडियम' के गाने 'सूट सूट' में नजर आए थे। बहरहाल, फिल्म 'ब्लैकमेल' का यह दूसरा गाना है। फिल्म के पहले गाने 'हैप्पी हैप्पी' में इरफान रैपर बादशाह के साथ दिखाई दिए थे।
फिल्म 'ब्लैकमेल' 6 अप्रैल को रिलीज होगी। फिल्म एक कॉमेडी है जिसका ट्रेलर 22 फरवरी को रिलीज हुआ था। इस कॉमेडी को डायरेक्ट किया है अभिनव राव ने जो डेल्ही बेली जैसी फिल्में बना चुके हैं। फिल्म में इरफान और कीर्ति के अलावा दिव्या और अरुणोदय सिंह भी अहम किरदारों में दिखेंगे।