फिरोज खान एक ऐसे एक्टर रहे जिनकी ना सिर्फ फिल्मों को काफी एडवांस माना जाता था बल्कि उनका स्टायलिश और शाही अंदाज भी लोगों के लिए उत्सुकता का कारण बना रहता था। प्रोफेशनल लाइफ के अलावा फिरोज खान अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे।
कई लोगों के साथ उनके अफेयर के चर्चे उड़े, लेकिन एक अफेयर ऐसा रहा जिसने खूब सुर्खियां बटोरीं। ये था एयर होस्टेस ज्योतिका धनराजगिर के साथ। ज्योतिका राजा महेंद्रगिर धनराज गिर की बेटी हैं। ज्योतिका को देखते ही फिरोज खान उन्हें अपना दिल दे बैठे।
फिरोज खान पहले से ही शादीशुदा थे और जैसे ही उनकी पत्नी को अफेयर के बारे में पता चला तो उन्हें गहरा धक्का लगा और उन्होंने फैसला कर लिया कि वो अपनी ये शादी तोड़ देंगी। फिरोज खान ने बिना किसी परवाह के ज्योतिका के लिए वाइफ सुंदरी को छोड़ दिया था और लिव-इन में रहने लगे थे।
एक दशक तक दोनों का अफेयर रहा, लेकिन ज्योतिका जब भी फिरोज खान से शादी के लिए कहतीं वो टालते रहते। ज्योतिका को लगने लगा था कि अब फिरोज उनसे शादी नहीं करेंगे और उन्होंने फिरोज खान से अपना रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया। उससे पहले ही फिरोज खान ने एक इंटरव्यू में ये कहकर सभी को चौंका दिया कि वो ज्योतिका को नहीं जानते।
इससे ज्योतिका का दिल टूट गया और वो फिरोज खान से रिश्ता तोड़कर विदेश चली गईं।इसके बाद फिरोज खान वापस अपनी पत्नी सुंदरी के पास लौट आए। आज फिरोज खान इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके बच्चे यानि फरदीन खान और लैला अलग-अलग फील्ड में नाम कमा रहे हैं।