इमरान हाशमी की फिल्म 'कैप्टन नवाब' की शूटिंग बीच में ही रोक दी गई है। यह वही फिल्म है जिससे बॉलीवुड के 'सीरियल किसर' इमरान हाशमी ने फिल्म प्रोडक्शन की शुरुआत की है। मिली जानकारी के अनुसार जब तक इसके मेकर्स को सरकार से हरी झंडी नहीं मिल जाती, वे इसका निर्माण नहीं कर सकते।
फिल्म 'कैप्टन नवाब' में इमरान हाशमी का रोल ऐसे एजेंट का है जो भारत के साथ साथ पाकिस्तानी सेना के लिए भी काम करता है लेकिन बाद में उसकी असली पहचान का खुलासा हो जाता है। इस फिल्म में इमरान भारतीय सेना के साथ पाकिस्तानी सेना की वर्दी में भी दिखेंगे। यही वजह है कि उन्हें अब सरकार से क्लीयरेंस लेने की जरूरत पड़ रही है।
फिल्म 'कैप्टन नवाब' की टीम से जुड़े एक सूत्र ने बताया, 'फिल्म भारत-पाकिस्तान के रिश्तों पर आधारित है। यह एक संवेदनशील मुद्दा है। इसलिए सेना इस बात को लेकर फिक्रमंद है कि इसकी कहानी को किस तरह फिल्माया जाएगा।'
फिल्म 'कैप्टन नवाब' के निर्देशक टोनी डिसूजा ने बताया, 'हमने रक्षा मंत्रालय को फिल्म की स्क्रिप्ट भेज दी है। जैसे ही हमें क्लीयरेंस मिलेगा हम शूटिंग शुरू कर देंगे।' निर्देशक ने बताया कि फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा, 'अब हमें जो सीन फिल्माने हैं उसके लिए 'नो ऑब्जेक्सन सर्टिफिकेट' (एनओसी) चाहिए क्योंकि उनमें भारतीय आर्मी का जिक्र होगा।'
फिल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि मार्च के पहले हफ्ते तक सरकार से उन्हें एनओसी मिल जाएगा। फिल्म 'कैप्टन नवाब' के अलावा इमरान फिल्म 'चीट इंडिया' को लेकर भी व्यस्त हैं। वह इस फिल्म को टी-सीरीज के साथ मिलकर प्रोड्यूज करेंगे और यह 25 जनवरी, 2019 को रिलीज होगी। इसके अलावा एक्टर ने ऋषि कपूर के साथ एक हॉरर फिल्म भी साइन की है।