जब से
मोदी सरकार ने जीएसटी को पूरे देश में लागू किया है तब से उनके इस
फैसले पर चर्चाएं हो रही हैं। खास बात यह है कि एंटरटेंमेंट के क्षेत्र में जीएसटी को लेकर अलग-अलग तरीके से चर्चा हो रही है। जी हां नोटबंदी पर गाना बनने के बाद अब जीएसटी पर भी गाना बन चुका है।
भोजपुरी सिंगर और एक्टर निरहुआ अपना एक नया गाना लेकर आए हैं। यह गाना मोदी सरकार के जीएसटी पर है। फिलहाल गाने का ऑडियो वर्जन ही रिलीज हुआ है। जुबली स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ का यह गाना होली पर आधारित है। इस गाने का नाम 'होली में जीएसटी जोड़के' है।
आपको इस गाने में निरहुआ के साथ प्रियंका सिंह की आवाज भी सुनने को मिलेगी। निरहुआ की इस नई एल्बम को 'निरहुआ म्यूजिक वर्ल्ड' द्वारा जारी किया गया है। वहीं एल्बम निर्माता प्रवेश लाल यादव हैं। यू-ट्यूब पर करीब चार लाख से ज्यादा लोगों ने इस गाने के ऑडियो को सुना हैं।
बताया जा रहा है कि इस एल्बम का वीडियो जल्द शूट किया जाएगा। वीडियो एल्बम में निरहुआ के साथ आम्रपाली दुबे नजर आएंगी। आपको बता दें कि सरकार की किसी फैसले या योजना पर बनाया गया यह पहला गाना नहीं है। इससे पहले भी निरहुआ नोटबंदी पर भी कई गाने बना चुके हैं।