सैफ अली खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने कई फिल्मों से खुद को सबसे बेहतरीन अभिनेता के रूप में साबित किया है। हीरो के साथ खलनायकी के रोल से भी उन्होंने लोगों पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है। वह जल्द ही फिल्म देवरा में एक बार फिर से नकारात्मक भूमिका में नजर आने वाले हैं। इससे पहले भी वह बड़े पर्दे पर विलेन बनकर दर्शकों पर अपना गहरा प्रभाव छोड़ चुके हैं। आइए उन फिल्मों के बारे में जानते हैं ...
Saif Ali Khan: कभी 'लंगड़ा त्यागी' तो कभी 'उदयभान', जानें कब-कब पर्दे पर विलेन बनकर छाए सैफ अली खान
पिछले साल यानी 2023 में रिलीज हुई फिल्म आदिपुरुष भले ही लोगों को पसंद नहीं आई, लेकिन सैफ ने इस फिल्म में बेहतरीन अदाकारी दिखाई थी। फिल्म में उनके किरदार का नाम लंकेश था। इस फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया था। सैफ के अलावा इसमें प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान, सनी सिंह और देवदत्त नागे भी थे।
फिल्म तान्हाजी में अजय देवगन ने मुख्य भूमिका निभाई थी, लेकिन अपने नकारात्मक रोल से सैफ अली खान पर्दे पर छा गए थे। उदयभान सिंह राठौड़ के किरदार में उन्होंने खूब वाहवाही बटोरी थी। फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया था। इसमें काजोल और शरद केलकर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
ओमकारा में लंगड़ा त्यागी का किरदार निभाकर सैफ ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। देशभर में उनके इस किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा था। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन, करीना कपूर, कोंकणा सेन शर्मा, विवेक ओबेरॉय और बिपाशा बसु भी थे। बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म सफल रही थी।
सैफ ने साल 2004 में पहली बार विलेन का किरदार निभाया था। एक हसीना थी में सैफ एक बेरहम प्रेमी की भूमिका में थे। उर्मिला मातोंडकर इस फिल्म की मुख्य अभिनेत्री थीं। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आदित्य श्रीवास्तव और सीमा बिस्वास थीं। फिल्म में सैफ की अदाकारी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।