बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में से एक दीपिका पादुकोण आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। दीपिका आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने दमदार अभिनय से बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड इंडस्ट्री तक एक खास मुकाम हासिल किया है। दीपिका ने अपनी पहली फिल्म 'ओम शांति ओम' से ही लोगों के दिल में जगह बना ली थी। तो आइए जानते हैं दीपिका पादुकोण के जन्मदिन पर उनसे जुड़ी खास बातें...
Deepika Padukone Birthday: अभिनय के लिए दीपिका ने छोड़ दी थी पढ़ाई, मॉडल से ऐसे बनीं बॉलीवुड का बड़ा नाम
अभिनेत्री दीपिका पादुकोण आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। तो आइए जानते हैं दीपिका पादुकोण के जन्मदिन पर उनसे जुड़ी खास बातें...
दीपिका पादुकोण का जन्म 5 जनवरी 1986 को डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन में हुआ था। उनके पिता प्रकाश पादुकोण मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रहे हैं, जबकि उनकी मां उज्वला पादुकोण एक ट्रैवल एजेंट थीं। दीपिका ने महज नौ साल की उम्र में मॉडलिंग कर अपने करियर की शुरुआत की और एड फिल्म्स का हिस्सा बनने लगीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दीपिका ने मॉडलिंग में अपना करियर बनाने के लिए पढ़ाई तक छोड़ दी थी। मॉडलिंग में सफलता के बाद दीपिका ने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। अभिनेत्री ने साल 2007 में फराह खान के निर्देशन में बनी फिल्म 'ओम शांति ओम' से डेब्यू किया।
यह भी पढ़ें: Fire Of Love Red Review: साल के पहले शुक्रवार को कीजिए सिनेमाघरों से तौबा, सस्पेंस के नाम पर मजाक निकली फिल्म
अपनी पहली ही फिल्म में दीपिका को शाहरुख खान के अपोजिट काम करने का मौका मिला। इस फिल्म ने दीपिका को रातोंरात शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। दीपिका ने 'ओम शांति ओम' के अलावा 'पठान', 'जवान', 'ये जवानी है दिवानी', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'बाजीराव मस्तानी', 'पद्मावत' जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। दीपिका पादुकोण फिल्मों के अलावा फिल्म प्रोडक्शन्स, ब्रांड एंडोर्समेंट समेत कई कंपनियों में निवेश कर मोटी कमाई करती हैं। अभिनेत्री ने अपने फिल्म प्रोडक्शन में रणवीर सिंह स्टारर स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म '83' और खुद की फिल्म 'छपाक' को बनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका पादुकोण की नेटवर्थ करीब 500 करोड़ रुपये है।
दीपिका पादुकोण लग्जरी लाइफ जीती हैं। उनके पास आलीशान घर, एक्सपेंसिव वॉच और लग्जरी कारों का शानदार कलेक्शन है। अभिनेत्री के पास मर्सिडीज मेबैक 500 शामिल है, जो भारत की सबसे महंगी गाड़ियों में से एक है। इसके अलावा अभिनेत्री के पास ऑडी ए8एल, मिनी कूपर कन्वर्टिबल और ऑडी क्यू7 जैसी बेशकीमती गाड़ियां मौजूद हैं। यही नहीं उनके पास एक्सपेंसिव वॉच के भी हैं। दीपिका पादुकोण के पास ब्यूमोंडे टावर्स में एक आलीशान घर भी है। 4 बीएचके का यह अपार्टमेंट 2776 वर्ग फुट में फैला हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक अभिनेत्री का यह घर 16 करोड़ रुपये का है।
यह भी पढ़ें: Bollywood Stars: ब्री ग्रेड फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं ये सितारे! संघर्ष के दौर में की थीं साइन
दीपिका पादुकोण की अपकमिंग फिल्मों की बात करें, तो अभिनेत्री फिल्म 'फाइटर' में ऋतिक रोशन के साथ एक्शन करती नजर आएंगी, जो 25 जनवरी 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, इससे पहले 12 जनवरी को दीपिका पादुकोण साउथ सुपरस्टार प्रभास स्टारर फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में दिखेंगी। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस को रिलीज हो रही रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सिंघम अगेन' में वे लेडी सिंघम के रोल में नजर आएंगी। निजी जिंदगी की बात करें तो दीपिका ने एक्टर रणवीर सिंह से शादी की है। कई साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 2018 में शादी रचाई।