मिस्टर बीस्ट: भारत की मेहमान नवाजी ने जीता अमेरिकी यूट्यूबर का दिल; रणबीर कपूर के साथ साझा किए यात्रा के फोटोज
Mr Beast Photos from India Trip: भारत यात्रा ने मिस्टर बीस्ट का दिल जीत लिया है। ताज के दीदार से रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' के इवेंट में शिरकत करने तक की झलकियां उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
विस्तार
मशहूर अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट बीते दिनों भारत यात्रा पर आए थे। यहां वे रणबीर कपूर की आगामी फिल्म 'रामायण' के इवेंट में भी शामिल हुए। अब मिस्टर बीस्ट ने भारत यात्रा की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने इस यात्रा को शानदार बताया है।
रणबीर और हार्दिक पांड्या संग शेयर कीं फोटोज
अमेरिका के मशहूर यूट्यूबर मिस्टरबीस्ट ने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने तस्वीरों के जरिए अपनी भारत यात्रा की झलक दिखाई है। तस्वीरों में उनके साथ बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर, क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और मशहूर भारतीय यूट्यूबर अजेय नागर और पायल धारे नजर आ रहे हैं।
भारत यात्रा पर गदगद यूट्यूबर
मिस्टरबीस्ट ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, 'भारत की यात्रा शानदार रही'। इसके साथ एक रेड हार्ट इमोजी बनाया है। बता दें कि पिछले महीने मिस्टरबीस्ट ने फैंस को तब हैरान कर दिया, जब वे एक खास इवेंट में बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की टीम के अन्य सदस्यों से मिले।
इवेंट में दिखाई गई थी 'रामायण' के बीटीएस की झलक
'रामायण' का इवेंट फिल्म के प्रमोशन से जुड़ा था। इस दौरान फिल्म के शानदार विजुअल इफेक्ट्स और इसके बड़े पैमाने पर हो रहे प्रोडक्शन की झलक दिखाने वाली एक एक्सक्लूसिव 'बिहाइंड-द-सीन्स' रील दिखाई गई। रणबीर कपूर और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने मिस्टरबीस्ट के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
कब रिलीज होगी फिल्म 'रामायण'?
फिल्म 'रामायण' की बात करें तो इसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रोल में हैं। साई पल्लवी सीता के रोल में नजर आई हैं। यश रावण के रोल में हैं। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे। 'रामायण पार्ट वन' इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।