सिल्वर जुबली: शादी के 25 साल पूरे हो जाने पर बॉबी देओल ने पत्नी पर लुटाया प्यार, देखें खास तस्वीरें
बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल (Bobby Deol) की शादी को आज 25वीं साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर बॉबी ने अपनी पत्नी तान्या के साथ कई तस्वीरें साझा की हैं और उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय नजर आते हैं। वो आए दिन अपने फैंस के साथ दिलचस्प तस्वीरें और वीडियोज शेयर करते रहते हैं। इस बार बॉबी ने कुछ खास तस्वीरें साझा की हैं। इन खास तस्वीरों में उनके साथ एक खास इंसान भी है और वो हैं उनकी पत्नी तान्या देओल। दरअसल, आज बॉबी और तान्या की शादी की 25वीं सालगिरह है। दोनों 30 मई 1996 को शादी के बंधन में बंधे थे। ऐसे में बॉबी ने अपनी पत्नी के ऊपर खूब प्यार बरसाया है। बॉबी और तान्या एक साथ काफी खूबसूरत नजर आ रहे हैं। वहीं फैंस को बॉबी का यह पोस्ट खूब पसंद आ रहा है और वो जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
बॉबी देओल का पोस्ट -
बॉबी देओल ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर पत्नी तान्या देओल के साथ कुछ बेहद प्यारी तस्वीरें साझा की हैं। जिनमें से कुछ शादी की भी हैं। आज के खास दिन पर बॉबी ने तान्या के साथ अपने 25 सालों को याद किया है। तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि बॉबी और तान्या एक दूसरे के प्यार में डूबे नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक खूबसूरत कैप्शन भी लिखा है, 'मेरा दिल, मेरी आत्मा। तुम मेरे लिए पूरी दुनिया हो। मैं तुम्हें हमेशा और हमेशा प्यार करता रहूंगा। हैप्पी एनिवर्सरी।'
बॉबी का यह पोस्ट जबरदस्त वायरल हो रहा है। फैंस के साथ-साथ कई सिलेब्रिटीज ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। सभी उन्हें सालगिरह पर बधाई दे रहे हैं। इसके साथ ही उनकी पत्नी तान्या को देखकर सभी हैरान रह गए हैं। लोगों का कहना है कि तान्या किसी अभिनेत्री से कम नहीं हैं। एक यूजर ने तो लिखा, 'कितनी खूबसूरत हैं तान्या।'
बॉबी की पत्नी भले ही फिल्मी दुनिया से दूर हों लेकिन खूबसूरती में सभी को मात देती हैं। तान्या असल जिंदगी में एक सफल बिजनेस वुमन हैं। तान्या एक इंटीरियर डिजाइनर हैं जो विशेष रूप से फर्नीचर डिजाइनिंग में काम करती हैं। तान्या फिल्म जुर्म और नन्हे जैसलमेर में एक कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में भी काम कर चुकी हैं। वैसे तो तान्या अक्सर खुद को मीडिया से दूर रखना पसंद करती हैं लेकिन जब भी यह जोड़ा मीडिया की नजर में साथ नजर आता है तो धमाल मचा देते हैं।