धर्मेंद्र और प्रकाश कौर के बेटे बॉबी देओल आज अपना 50वां बर्थडे सेलीब्रेट कर रहे हैं। इन दिनों बॉबी अपनी अपकमिंग फिल्म 'रेस 3' की तैयारी में लगे हैं। इस फिल्म के लिए बॉबी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कुछ दिन पहले बॉबी ने एक तस्वीर शेयर की थी। इसमें उनका बॉडी ट्रांसफॉर्मेंशन साफ नजर आ रहा था।
तस्वीर को ट्वीट करते हुए बॉबी ने सलमान खान का शुक्रिया अदा किया था। सलमान खान ने ही बॉबी को इतने बड़े बजट की फिल्म ऑफर की है। फिल्म 'पोस्टर ब्वॉयज' से बॉबी ने 4 साल बाद फिल्मों में वापसी की थी। इसके बाद से उन्हें नए प्रोजेक्ट की तलाश थी जो सलमान ने उन्हें दे दिया। फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है।
बॉबी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'बरसात' से 1995 में की थी। इसके बाद 'सोल्जर', 'बादल', 'बिच्छू', और 'अजनबी' जैसी सेमी हिट फिल्में कर बॉबी ने अपनी एक्टिंग की छाप तो छोड़ी लेकिन जल्द इंडस्ट्री ने उन्हें भुला दिया। बॉबी को 'बरसात' के लिए फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड और 'हमराज' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था।
कुछ सालों बाद बॉबी को अचानक काम मिलना बंद हो गया। वो काम की तलाश करते-करते डिप्रेशन में चले गए और उन्हें शराब की लत लग गई। बॉबी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि पिछले 10 साल से वो काम मांग रहे थे, लेकिन प्रोड्यूसर्स उन्हें काम नहीं दे रहे थे। इस वजह से वह डिप्रेशन में चले गए थे।
फिल्म 'पोस्टर ब्वॉयज' के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में बॉबी से जुड़े इसी सवाल को सुन सनी भावुक हो गए और रो पड़े थे। बीबीसी हिंदी ने इस वाकये को अपनी वेबसाइट पर पोस्ट किया था। रेडियो पर बातचीत में सनी देओल ने अपकमिंग मूवी और परिवार के बारे में कई बातें कही थीं।