जोधपुर की अदालत ने काला हिरण के शिकार मामले में दो दशक बाद सलमान खान को 5 साल की सजा का ऐलान किया है। सलमान खान इस वक्त जेल में कैदी नम्बर 106 बनकर सजा काट रहे हैं। मामले में सह आरोपी रहे सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम को कोर्ट ने बरी कर दिया है। आज भी सलमान खान को बेल नहीं मिली है।
अगर सलमान को तीन साल से कम की सजा होती तो उन्हें मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत से ही जमानत मिल सकती थी और वे दोषी साबित होने और सजा सुनाए जाने के बावजूद घर वापस जा सकते थे लेकिन सीजेएम देव कुमार खत्री ने सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई और 10 हजार का जुर्माना भी लगाया। जिसके बाद उन्हें कोर्ट से सीधा जेल जाना पड़ा।
हालांकि सलमान के वकीलों ने जोधपुर कोर्ट में जमानत की तैयारी कर रखी थी लेकिन 5 साल सजा होने से सलमान के वकीलों को सेशन कोर्ट के सामने अर्जी दाखिल करनी पड़ी लेकिन सेशन कोर्ट ने उनकी याचिका पर बुधवार को सुनवाई से इनकार कर दिया। आज भी सलमान की बेल की कार्यवाही पूरी नहीं हो पाई और मामला कल तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। इस स्थिति में सलमान खान को एक दिन और जेल में रहना पड़ेगा।
सलमान अभी जोधपुर की सेंट्रल जेल में हैं। उनकी जमानत पर आज फैसला होगा। जोधपुर जेल में सलमान खान कैदी नंबर-106 हैं और उन्हें बैरक नंबर 2 में रखा गया है। यह वही बैरक है जहां छात्रा से यौन उत्पीड़न का आरोपी आसाराम भी बंद है।
सेशन कोर्ट ने आज सलमान को जमानत देने से इनकार कर दिया है ऐसे में उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सलमान अब तक कुल 18 दिन जोधपुर में गुजार चुके हैं। पहली बार वो 6 दिन जेल में रहे थे। इसके बाद 2007 में भी उन्हें जेल जाना पड़ा था।