सलमान खान को जोधपुर कोर्ट द्वारा पांच साल जेल की सजा होने से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। सलमान पर करीब 1000 करोड़ रुपये दांव पर लगे हैं। आधा दर्जन फिल्मों से उनका सीधा कनेक्शन है और कुछ रीयलिटी शो से वह जुड़े हैं। सलमान फिल्म निर्माण भी कर रहे हैं और अपनी संस्था बीईंग ह्यूमन के माध्यम से सामाजिक कार्य करते हैं। सलमान के जेल जाने से उनके स्टारडम को तो झटका लगेगा, उनसे जुड़े फिल्म-टीवी के प्रोजेक्ट भी प्रभावित हो सकते हैं। एक नजर सलमान के उन प्रोजेक्ट्स पर जो सजा से प्रभावित हो सकते है:-
ईद पर रेस-3: जोधपुर जाने से पहले सलमान रविवार को दुबई में रेस-3 की शूटिंग पूरी करके लौटे थे। फिल्म ईद पर रिलीज की योजना है। सलमान के जेल जाने से फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन प्रभावित हो सकता है। रेस-3 में सलमान नेगेटिव रोल हैं। वह टिप्स फिल्म्स के साथ मिलकर इसे बना रहे हैं। खबर है कि निर्माता फिल्म को 140 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी में हैं। ट्यूबलाइट फ्लॉप होने के बाद सलमान फिल्म के वितरण अधिकार अपने पास रखने के मूड में नहीं हैं।
तैयारी भारत की: सुल्तान और टाइगर जिंदा है के निर्देशक अली अब्बास जफर के साथ सलमान की अगली फिल्म भारत की योजना है। यह 2014 की कोरियाई फिल्म ओड टू माई फादर का हिंदी संस्करण है। शूटिंग जून में शुरू करने की योजना है। यह एक व्यक्ति के जीवन के सात दशकों को दिखाएगी। इसमें सलमान के किशोरावस्था से वृद्धावस्था तक कई रूप दिखेंगे। यह भारत विभाजन की त्रासदी को भी दिखाएगी। फिल्म का निर्माण सलमान के बहनोई अतुल अग्निहोत्री करेंगे।
इस साल लवरात्रि: सलमान फिल्म निर्माण भी कर रहे हैं। 2015 में हीरो के बाद सलमान फिल्म लवरात्रि ला रहे हैं। निर्देशक अभिराज मिनावल की फिल्म में सलमान छोटे बहनोई आयुष शर्मा को लॉन्च कर रहे हैं। आयुष सलमान की बहन अर्पिता के पति हैं। फिल्म 21 दिसंबर को रिलीज होगी। यह गुजरात में नवरात्रि पर्व की पृष्ठभूमि पर एक प्रेम कहानी है। दो शूटिंग शेड्यूल पूरे हो चुके हैं।
पाइप लाइन में फिल्में- सलमान के पास ऐसे भी कुछ प्रोजेक्ट्स हैं जिनकी तैयारियां धीरे-धीरे चल रही हैं। इनमें सबसे प्रमुख उनके भाई अरबाज खान की फिल्म दबंग-3 है। तीसरी कड़ी का निर्देशन प्रभु देवा करेंगे। प्री-प्रोडक्शन जारी है। निर्माता साजिद नाडियाडवाला भी सलमान के साथ किक-2 बनाने की घोषणा कर चुके हैं। यह क्रिसमस-2019 पर रिलीज होगी। वांटेड-2 और टाइगर सीरीज की तीसरी फिल्म की योजनाएं भी हैं। सलमान को लेकर सोहेल खान के प्रोजेक्ट शेरखान की भी चर्चा है।