हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार रहे राजेश खन्ना की बेटी एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं। ट्विंकल अपना बर्थडे पिता राजेश खन्ना के साथ ही शेयर करती हैं क्योंकि आज ही के दिन उनके पिता राजेश खन्ना का भी जन्म हुआ था। वैसे तो ट्विंकल खन्ना ने अपने करियर में सिर्फ 14 फिल्में ही की हैं लेकिन वह अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रही हैं। आपको बता दें कि ट्विंकल खन्ना न सिर्फ एक अच्छी अभिनेत्री हैं बल्कि वो अब एक लेखिका हैं और साथ ही इंटीरियर डिजाइनर भी हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में कुछ अनकही बातें...
ट्विंकल ने साल 1995 में फिल्म 'बरसात' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद उन्होंने 14 फिल्में कीं। इनमें से एक ही हिट हो पाई। उन्होंने साल 2001 में अपनी आखिरी फिल्म 'लव के लिए कुछ भी करेगा' की थी और वह भी फ्लॉप ही रही थी। इसके बाद ट्विंकल ने एक्टर अक्षय कुमार से शादी कर ली और बॉलीवुड से विदाई ले ली थी।
एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय ने बताया था कि उनकी और ट्विंकल की पहली मुलाकात फिल्मफेयर के एक फोटोशूट के दौरान हुई थी। अक्षय को ट्विंकल पहली नजर में ही पसंद आ गई थीं। फिल्म 'इंटरनेशनल खिलाड़ी' की शूटिंग के दौरान दोनों में प्यार हो गया। एक इंटरव्यू में ट्विंकल ने बताया था कि जब उन्होंने अक्षय को डेट करना शुरू किया तब वह एक लंबे रिलेशनशिप से बाहर निकली थीं और किसी के साथ कुछ दिनों के लिए इन्जॉय करना चाहती थीं।
जब अक्षय ने ट्विंकल को शादी के लिए प्रपोज किया था तब ट्विंकल की फिल्म 'मेला' आने वाली थी। ट्विंकल ने अक्षय से कहा था कि अगर फिल्म फ्लॉप हुई तो वह उनसे शादी कर लेंगी। फिल्म फ्लॉप हो गई और उन्होंने अक्षय को हां कह दिया लेकिन डिंपल को ट्विंकल के एक पत्रकार दोस्त ने बताया था कि अक्षय 'गे' हैं। फिर क्या था डिंपल ने शादी के लिए तुरंत मना कर दिया।
उन्होंने अक्षय के सामने शर्त रखी थी कि दोनों को एक साल तक साथ रहना पड़ेगा। इसके बाद ट्विंकल और अक्षय एक साल तक साथ रहे और फिर दोनों की शादी हुई। इस एक साल में ट्विंकल ने अक्षय के खानदान में किसे क्या बीमारी है, उनके परिवार में लोग जल्दी गंजे तो नहीं होते, किसकी किस बीमारी से मौत हुई थी, इन सब के बारे में पूरा रिकॉर्ड चेक किया था। ट्विंकल ने बताया था कि उन्होंने अक्षय से शादी के फायदों और नुकसान की भी एक लिस्ट बनाई थी। फायदों की लिस्ट में पहला प्वाइंट था- वेल सेटल्ड।