भजन गायक अनूप जलोटा किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। अनूप जलोटा का जन्म नैनीताल में हुआ था और ‘ऐसी लागी लगन’ भजन गाकर उन्होंने अपनी अलग ही पहचान बनाई है। अनूप जलोटा आज 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्हें 2012 में कला- शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। दुनिया उन्हें ‘भजन सम्राट’ के नाम से भी जानती है।
जन्मदिन: अनूप जलोटा ऑल इंडिया रेडियो के ऑडिशन में हो गए थे फेल, बिग बॉस की वजह से आए विवादों में
‘शिर्डी के साईं बाबा’ के लिए दी आवाज
अनूप जलोटा के करियर का सबसे बड़ा दिन वह था, जब उनकी आवाज अभिनेता मनोज कुमार ने सुनी और फिल्म ‘शिर्डी के साईं बाबा’ में उनका गाना रख दिया गया। मनोज कुमार को अनूप की आवाज खूब अच्छी लगी थी। इस फिल्म के हिट होते ही अनूप का नाम संगीत की दुनिया में खूब प्रसिद्ध हुआ।
छह भाषाओं में गाए गजल और भजन
अनूप जलोटा ने छह भाषाओं में 1200 से अधिक भजन और 150 से अधिक गजल के एलबम रिलीज किए हैं। उन्होंने पहली बार लखनऊ में पंडित जसराज को सुना था। बिरजू महाराज, गुदई महाराज, किशन महाराज, पंडित रवि शंकर, उस्ताद अली अकबर खान अनूप जलोटा के पिता के मिलने- जुलने वालों में से थे।
ऑडिशन में हुए फेल
अनूप जलोटा अपने ऑल इंडिया रेडियो के पहले ऑडिशन में फेल हो चुके थे लेकिन जब से उन्होंने भजन गाना शुरू किया लोग उनकी आवाज के मुरीद हो गए। उनके भक्ति संगीत को सुनकर उनकी बड़े संगीतकारों में गिनती होनी लगी। आज भी उनकी गजलों को खूब पसंद किया जाता है।
आधी उम्र की प्रेमिका के साथ आए नजर
बिगबॉस के 12 वें सीजन मे अनूप जलोटा चर्चा का विषय इसलिए बन गए क्योंकि वे एक लड़की के साथ इस शो में आए थे। यह लड़की उनसे आधी उम्र की थी और उसका नाम जसलीन मथारू था। जिसे उन्होंने अपनी प्रेमिका भी बताया था और अनूप जलोटा के साथ ही पूरा देश जसलीन को भी जानने लगा था।