'बिग बॉस-11' की विजेता शिल्पा शिंदे जल्द टीवी पर वापसी करने जा रही हैं। माना जा रहा था कि वह कपिल शर्मा के शो के साथ कमबैक करेंगी। हालांकि, अब साफ हो गया है कि वह कपिल शर्मा नहीं बल्कि सुनील ग्रोवर के साथ काम करेंगी।
सोमवार शाम एक तस्वीर सोशल मीडिया पर आई जिसमें ये दोनों दिग्गज एक्टर्स साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को एक मशहूर टीवी प्रोड्यूसर ने पोस्ट किया। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों जल्द एक टीवी शो में नजर आने वाले हैं। इससे फैन्स की खुशी का ठिकाना ना रहा।
बता दें कि प्रीति सिमोस कॉमेडी शो 'द ड्रामा कंपनी', 'कॉमेडी नाइट्स विथ कपिल शर्मा' और 'द कपिल शर्मा शो' की क्रियेटिव प्रोड्यूसर रह चुकी हैं। शो के दौरान प्रीति और कपिल शर्मा के अफेयर्स की खबरें भी आई थीं। गौरतलब है कि कपिल शर्मा से पैचअप के बाद माना जा रहा था कि सुनील ग्रोवर उनके साथ शो में वापसी करेंगे। हालांकि, आधिकारिक बयान के मुताबिक नए शो 'फैमिली टाइम विथ कपिल शर्मा' में सुनील ग्रोवर नहीं होंगे।
गौरतलब है कि जब शिल्पा शिंदे टीवी सिटकॉम 'भाबी जी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभा रही थीं, तब कपिल शर्मा ने उन्हें अपने कॉमडी शो का ऑफर दिया था। इसी शो के ऑफर को लेकर शिल्पा शिंदे और 'भाबी जी घर पर हैं' के मेकर्स के बीच तनातनी हुई थी जिसके बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया था। यही नहीं उन्हें टीवी प्रोड्यूसर्स के एक गिल्ड ने बैन भी कर दिया था।
हाल ही में शिल्पा शिंदे प्रीति सिमोन, सुंगधा मिश्रा और गौहर खान के साथ मौज-मस्ती करते देखी गई हैं। रियलिटी शो 'बिग बॉस 11' जीतने के बाद वह गोवा में परिवार के साथ ट्रिप पर गई थीं। शिल्पा शिंदे ने साल 2001 में टीवी सीरियल 'कभी आए ना जुदाई' से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी।