आयुष्मान खुराना एक और दिलचस्प विषय की फिल्म के साथ 2020 में बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने के लिए तैयार हैं। यह फिल्म 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'शुभ मंगल सावधान' का स्पिन ऑफ (उपोत्पाद) है। इस फिल्म का पहला अतरंगी पोस्टर सामने आ चुका है। पोस्टर में आयुष्मान खुराना और जितेंद्र कुमार की रोमांटिक केमिस्ट्री नजर आ रही है। हितेश केवल्या निर्देशित और लिखित इस फिल्म के पोस्टर को देखने के बाद दर्शक फिल्म को लेकर और भी उत्साहित हो चुके हैं।
Shubh Mangal Zyaada Saavdhan:अतरंगी पोस्टर आया सामने, प्रेमी संग दिखी आयुष्मान की केमिस्ट्री
साझा किए पोस्टर में शादी का माहौल देखने को मिल रहा है, जिसमें अभिनेता जितेन्द्र कुमार शादी की शेरवानी में कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनकी गोद में आयुष्मान खुराना रोमांटिक अंदाज में पोज देते दिख रहे हैं। इस अतरंगी जोड़ी को नीना गुप्ता और गजराज राव समेत परिवार के बाकी सदस्य अचंभित मुद्रा में उन्हें घेरे नजर आ रहे हैं। सभी के तेवर इस जोड़ी के विरोध में है। यह फिल्म समलैंगिक रिश्ते पर आधारित है, जो अपनी घोषणा के साथ ही चर्चा में बनी हुई है।
A post shared by Ayushmann Khurrana (@ayushmannk) on
गौरतलब है कि 'बधाई हो' के बाद इस फिल्म में फिर एक बार आयुष्मान, नीना गुप्ता और गजराज राव के साथ नजर आने वाले हैं। इनके अलावा फिल्म में मनु ऋषि और सुनीता राजवार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके साथ ही फिल्म में भूमि पेडनकर एक कैमियो रोल में नजर आएंगी। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार और आनंद एल. रॉय कर रहे हैं।
फिल्म 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' को लेकर आयुष्मान काफी उत्सुक हैं। उनके अनुसार 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश वाली एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है और इसे उनके चाहने वाले अपने घरवालों के साथ बेहिचक देख सकते हैं। वह लोगों का अधिक से अधिक मनोरंजन करना चाहते हैं। यह फिल्म 21 फरवरी 2020 को रिलीज हो रही है।