आयुष्मान खुराना की नई फिल्म 'बधाई हो' का ट्रेलर रिलीज हो गया है । जंगली पिक्चर्स ने ट्रेलर को अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर किया । फिल्म में आयुष्मान खुराना के अलावा सान्या मल्होत्रा और नीना गुप्ता लीड रोल में हैं । नीना ने फिल्म में आयुष्मान की मां का रोल प्ले किया है ।
बीते दिनों इस फिल्म के पोस्टर्स रिलीज किए गए थे, जिसके बाद सभी सोच रहे थे कि इसकी कहानी क्या होगी ?अब ट्रेलर सामने आने के बाद ये साफ हो गया कि फिल्म ऐसे मुद्दे पर आधारित है जिसमें हीरो की बूढ़ी मां प्रेग्नेंट हो जाती हैं । इसके बाद उनकी जिंदगी में भूचाल आता है।
वैसे तो फिल्म के सभी सीन कमाल के हैं । ट्रेलर देखकर आपकी हंसी नहीं रुकेगी । अमित रवींद्रनाथ की इस फिल्म में वो सीन सबसे कमाल का है जब आयुष्मान के पापा परिवार को बताते हैं कि उनकी पत्नी प्रेग्नेंट हो गई है । ये बात सुन परिवार के लोग जिस तरह का रिएक्शन देते हैं वो जबरदस्त है ।
इसके बाद आयुष्मान अपनी गर्लफ्रेंड यानी सान्या मल्होत्रा को बताते हैं कि उनकी मम्मी प्रेग्नेंट हैं । ये बात सुन सान्या हक्की-बक्की रह जाती हैं और यहां से शुरू होती है सारी नौटंकी । एक सीन में सान्या अपनी मम्मी को ब्वॉयफ्रेंड की मां के प्रेग्नेंट होने की बात बताती हैं ।
फिल्म का ये सीन भी जोरदार है । आयुष्मान की तहर ही सान्या ने भी दर्शकों को अपनी कॉमिक टाइमिंग से हंसाने की अच्छी कोशिश की है । फिल्म में आयुष्मान की दादी का रोल निभाने वाली सुरेखा सिकरी की भी कॉमेडी देखने को मिली ।