शनिवार को मुंबई से गोवा जाने वाले क्रूज में एनसीबी अधिकारियों ने छापेमारी की। एनसीबी को पार्टी की जानकारी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद एनसीबी ने वहां पर छापा मारा और रेव पार्टी का भांडाफोड़ किया। इसी पार्टी में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी मौजूद थे। मामले में पूछताछ के बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया। ड्रग्स मामले में फंसे आर्यन खान की रात एनसीबी कस्टडी में ही कटी। मुंबई कोर्ट ने आर्यन समेत तीन लोगों को एनसीबी कस्टडी में भेजा है। आर्यन खान मामले में अब पुलिस का बयान सामने आया है।
Aryan Khan Drugs Case: आर्यन खान केस में मुंबई पुलिस का बयान, कहा- नहीं ली गई थी क्रूज पर पार्टी की अनुमति
हर एंगल से होगी जांच
आर्यन खान के मामले में अब पुलिस का बयान सामने आया है। मुंबई पुलिस का कहना है कि क्रूज पर पार्टी करने के लिए पुलिस से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। मुम्बई पुलिस ने क्रूज ड्रग मामले मे प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। मुम्बई पुलिस डीजी शिपिंग, बीपीटी से जानकारी इकट्ठा कर रही है। हर एजेंसी से उनके रोल के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस से अनुमति लेना अनिवार्य
कोरोना महामारी की स्तिथि को देखते हुए महाराष्ट्र में अभी भी आपदा प्रबंधन एक्ट लागू है। अपनी जांच में मुंबई पुलिस ये भी देखेगी कि 188 धारा के तहत पार्टी के आयोजन में किसी भी तरह नियम उल्लंघन तो नहीं हुआ है। इस समय महाराष्ट्र में 144 धारा भो लागू है जिसके तहत एक जगह पर पांच से अधिक लोगों को रहने की अनुमति नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने कहा, 'किसी भी समारोह अथवा पार्टी के लिए मुंबई पुलिस को जानकारी देना जरूरी है। जांच के दौरान हम पता लगाएंगे कि क्या किसी तरह के नियम का उल्लंघन हुआ, अगर हुआ है तो पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी।'
ड्रग्स केस मामले की पूछताछ के लिए पुलिस ने अब इस क्रूज के सीईओ को दूसरा समन भेजा है एनसीबी ने क्रूज शिप के अधिकारियों से दो अक्टूबर के कार्यक्रम का मेनिफेस्टो देने के लिए कहा है। इस मामले में क्रूज में मौजूद हर व्यक्ति से पूछताछ होगी। इसके अलावा एनसीबी ने उस दिन का क्रूज से सीसीटीवी फुटेज भी मांगा है।
मुंबई क्रूज ड्रग्स पार्टी मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को सात अक्तूबर तक एनसीबी की रिमांड में भेज दिया गया है। दो अक्तूबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर एक रेव पार्टी का खुलासा किया था। इस दौरान एनसीबी ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन समेत 8 अन्य लोगों को जांच के लिए कस्टडी में लिया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।