सलमान खान के भाई अरबाज खान 4 अगस्त को अपना 52वां बर्थडे सेलिब्रेट करेंगे । उन्होंने 1996 में फिल्म 'दरार' से बॉलीवुड में अपना करियर शुरू किया था । इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्म फेयर बेस्ट विलेन का अवॉर्ड भी मिला था । साल 2003 में आई उनकी फिल्म 'कयामत' सुपरहिट रही थी । अब वो अपनी अगली फिल्म 'दबंग 3' में नजर आएंगे । अरबाज इस फिल्म के प्रोड्यूसर भी हैं ।
अरबाज ने कई फिल्मों में काम किया लेकिन उन्हें वो सफलता नहीं मिली जो उनके बड़े भाई सलमान खान ने पाई । अरबाज ने 1998 में मलाइका अरोड़ा से शादी की थी । उनका एक बेटा अरहान खान भी है । साल 2017 में अरबाज का तलाक हो गया था । इस समय वो एक्ट्रेस जॉर्जिया एंड्रियानी को डेट कर रहे हैं ।
अरबाज उस समय सबसे ज्यादा चर्चा में आ गए थे जब आईपीएल मैच में सट्टा लगाने का उन पर आरोप लगा था । इस मामले में क्राइम ब्रांच ने अरबाज को समन भेजा था और वो पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन गए थे । खबरों की मानें तो अरबाज सट्टेबाजी में 3 करोड़ रुपए हार गए थे । जब बुकी ने उनसे पैसे मांगे तो अरबाज ने उन्हें पैसे देने से मना कर दिया था ।
इसके बाद अरबाज को धमकियां मिलनी शुरू हो गई थीं । यहां सवाल ये उठता है कि बॉलीवुड के सबसे अमीर खानदान से ताल्लुक रखने वाले अरबाज को सट्टा लगाने की जरूरत क्यों पड़ गई । इस लत के कारण अरबाज की प्रोफेशनल के साथ पर्सनल लाइफ भी खराब हो गई । अरबाज एक्टिंग में भी कुछ कमाल नहीं दिखा पाए
एक्टिंग में बात नहीं बनी तो अरबाज ने अपना प्रोडक्शन हाउस खोल लिया । साल 2010 में अरबाज खान प्रोडक्शन नाम से उनका प्रोडक्शन हाउस शुरू हुआ । इस प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म 'दबंग' थी । फिल्म में सलमान ने लीड रोल निभाया था और अरबाज मक्खी के रोल में नजर आए थे । इसके बाद 'दबंग 2' भी बनाई । लेकिन फिर अरबाज की सट्टेबाजी के कारण सलमान ने उनसे दूरी बना ली और 'दबंग 3' में भी काम करने से मना कर दिया । हालांकि मामला सुलझने के बाद अब 'दबंग 3' की शूटिंग शुरू हो गई है ।