अपने बोल्ड अंदाज के चलते सुर्खियों में रहने वालीं अभिनेत्री अमीषा पटेल बड़ी मुसीबत में फंसती हुई नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है और ये मामला झारखंड हाईकोर्ट में है। कोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए एक्ट्रेस और साथ ही याचिका दायर करने वाले शख्स को 2 हफ्तों में लिखित में जवाब देने को कहा है।
बता दें कि अभिनेत्री पर फिल्म बनाने के नाम पर करोड़ों रुपये लेने और फिल्म नहीं बनने पर पैसे वापस नहीं करने का आरोप लगा है। इसके साथ ही चेक बाउंस का भी मामला है। इस मामले में एक याचिका झारखंड हाईकोर्ट में दायर की गई थी। जिसपर सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो हफ्तों में जवाब देने के निर्देश दिए है।
झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश आनंद सेन की अदालत में याचिका पर सुनवाई हुई। जस्टिस आनंद सेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मामले पर सुनवाई की। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता और सरकार के अधिवक्ता भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही कोर्ट से जुड़े। एक्ट्रेस अमीषा पटेल पर आरोप है कि उनकी कंपनी ने फिल्म बनाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये लिए, लेकिन जब फिल्म नहीं बनी तो पैसे नहीं लौटाए।
अदालत में दायर की गई याचिका में कहा गया है कि हरमू हाउसिंग कॉलोनी के एक कार्यक्रम के दौरान अजय कुमार सिंह और अमीषा पटेल की मुलाकात हुई। इसी दौरान फिल्म 'देसी मैजिक' बनाने के नाम पर अजय कुमार सिंह ने ढाई करोड़ रुपये अमीषा पटेल के खाते में ट्रांसफर कर दिए। अजय, लवली वर्ल्ड एंटरटेनमेंट के प्रोपराइटर हैं। फिल्म नहीं बनाने और पैसे वापस नहीं होने के बाद अजय सिंह ने निचली अदालत में शिकायतवाद दर्ज की। बता दें कि ये मामला साल 2017 का है।
इतना ही नहीं शिकायतकर्ता ने एक्ट्रेस पर उनके साथ धोखाधड़ी करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने बताया कि जब फिल्म ना बनने पर उन्होंने पैसे की मांग की तो अभिनेत्री की ओर से उन्हें ढाई करोड़ रुपये का चेक दिया गया था, जो कि बाउंस हो गया। फिलहाल, अब इस पूरे मामले में दो हफ्ते बाद सुनवाई होगी।