फिल्मों में साथ काम करने वाले सितारे जब पर्दे के पीछे एक दूसरे के राज खोलते हैं या टांग खींचते हैं तो वो लोगों को और भी मजेदार लगता है।बॉलीवुड सितारों को कई बार ऐसी मस्ती करते देखा गया है जब सबके सामने ही उन्होंने एक दूसरे का मजाक उड़ाया हो। कभी किसी अवॉर्ड फंक्शन में तो कभी किसी चैट शो में अक्सर सितारों को एक दूसरे की हंसी उड़ाते देखा गया है। तो चलिए आज आपको बताते हैं कुछ ऐसे ही दिलचस्प किस्सों के बारे में।
किस्सेः वो मौके जब बॉलीवुड सेलेब्स ने सबके सामने खींची एक दूसरे की टांग, दर्शकों को आया मजा
सलमान खान-करण जौहर
एक अवॉर्ड शो के दौरान सलमान खान करण जौहर के साथ शरबत विद सलमान खेल रहे थे। इस दौरान सलमान ने करण से पूछा था कि, 'अगर उन्हें लड़की बनने का वरदान मिले तो वो किस हीरोइन की तरह बनना चाहेंगे? इस पर करण जौहर ने कह दिया कि वो ऐश्वर्या राय बनना चाहेंगे। ऐश्वर्या का नाम सुनते ही जहां सलमान कुछ देर के लिए चुप हो गए तो वहीं सारे सेलेब्स हंस पड़े थे। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था।
अनन्या पांडे-सिद्धांत चतुर्वेदी
एक साल पहले इंडस्ट्री में नए स्टार्स अनन्या पांडे, सिद्धांत चतुर्वेदी, तारा सुतारिया और विशाल जेठवा का इंटरव्यू लिया गया था। इस दौरान सभी सितारे अपने बॉलीवुड जर्नी की बातें कर रहे थे। वहीं अनन्या पांडे ने कहा कि भले ही वो स्टार किड हों, लेकिन उन्होंने भी बहुत संघर्ष किया है। ऐसे में सिद्धांत को उनकी बातें सही नहीं लगी तो उन्होंने सबके सामने कह दिया कि, 'सबका स्ट्रगल अलग होता है मगर फर्क सिर्फ इतना है कि जहां हमारे सपने पूरे होते हैं वहां इनका स्ट्रगल शुरू होता है'। सोशल मीडिया पर उनके इस जवाब की काफी तारीफ हुई थी।
विद्या बालन-शाहरुख खान
विद्या और शाहरुख दोनो ही इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकार हैं। साथ ही साथ दोनों अपने हाजिरजवाबी के लिए काफी मशहूर हैं। एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान ऐसा ही एक मौका आया था जब विद्या ने शाहरुख की बोलती बंद कर दी थी। दरअसल शाहरुख ने विद्या से पूछा कि, 'तुम्हारे पास कितनें अवॉर्ड्स हैं? इस पर विद्या ने कहा, '47 और आपके पास? शाहरुख ने कहा कि, 'मेरे पास 155 हैं'। वहीं विद्या ने तुरंत बोल दिया कि, 'उसमें से खरीदे कितने हैं? ये जवाब सुनकर शाहरुख की बोलती तो बंद हो ही गई वहां बैठे दर्शक भी हक्के-बक्के रह गए थे।
अक्षय कुमार- सोनाक्षी सिन्हा
'द कपिल शर्मा शो' में अक्षय कुमार अपनी तीन हीरोइनों के साथ फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे थे। वहां पर अक्षय ने अपनी हीरोइनों से सवाल पूछा कि, 'वो कौन सा अभिनेता है जो सुबह शूटिंग का टाइम रखवा कर बाकी सितारों की नींद खराब करता है? इस पर सोनाक्षी अक्षय की ओर इशारा करके कहती हैं, 'ये, आज सुबह हम तीनों उठकर पांच बजे तैयार हुए'। इस पर अक्षय कहते हैं,'मैं एक बात बताऊं सोनाक्षी, मैंने कितनी फिल्में की है, लेकिन आज से पहले मैंने तेरी इतनी अच्छी एक्टिंग नहीं देखी'। अक्षय की बात सुनकर सेट पर मौजूद लोगों के साथ साथ दर्शक भी ठहाके मार कर हंस पड़े थे।