बीते वर्ष 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'संजू' बड़ी हिट साबित हुई थी। फिल्म ने भारत में ही 350 करोड़ रुपये का बड़ा बिजनेस किया था। एक्टर संजय दत्त पर बनी फिल्म संजू में रणबीर कपूर ने उनका किरदार निभाया था। परेश रावल फिल्म में संजय के पिता सुनील दत्त की भूमिका में नजर आए थे। गौरतलब है कि यह किरदार पहले अभिनेता अक्षय खन्ना को दिया जा रहा था। लेकिन वह यह मौका इस वजह से गवां बैठे...
फिल्म संजू में रणबीर और बाकी कलाकारों का मेकअप बहुत ही जबरदस्त रहा। वहीं, फिल्म में अक्षय खन्ना को संजय दत्त के पिता सुनील दत्त का किरदार पहले ऑफर किया गया था। फिल्म राज कुमार हिरानी ने डायरेक्ट की थी। हिरानी ने अक्षय खन्ना को सुनील दत्त का रोल ऑफर किया था। लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी अक्षय के चेहरे पर सुनील दत्त का चेहरा फिट नहीं बैठा था।
कई बार मेकअप करने के बाद भी जब ऐसा नहीं हो पाया तो अक्षय खन्ना को यह फिल्म छोड़नी पड़ी। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर बन रही फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर में संजय बारू का किरदार निभाने जा रहे अक्षय खन्ना ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था। जब अक्षय पर यह रोल फिट नहीं बैठा तो उनकी जगह अभिनेता परेश रावल को चुना गया।
अक्षय ने बताया कि 'फिल्म संजू को लेकर मैं और राजकुमार कई बार मिले थे, कई बार लुक टेस्ट के बाद भी मैं किरदार में फिट नहीं हो पा रहा था और फिर मुझे मजबूरन ये फिल्म छोड़नी पड़ी, मुझे आज भी दुख होता है कि मैं इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाया, बता दूं कि राजकुमार बहुत अच्छे स्टोरी टेलर हैं।'
वहीं, बात करें फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर की तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर केंद्रित फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर की एक अदालत ने अनुपम खेर व अक्षय खन्ना समेत 14 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।