काजोल और अजय देवगन की शादी को आज 20 साल पूरे हो चुके हैं । काजोल और अजय देवगन की प्रेमकहानी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी है। काजोल ने अजय से उस समय शादी की थी जब उनका करियर पीक पर था। अजय और काजोल की जोड़ी पहली बार 1995 में प्रदर्शित फिल्म ‘हलचल’ में नजर आई थी।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकार कहते हैं कि इन दोनों में प्यार इसी फिल्म से पनपा। तब तक इस अफेयर को शक्ल नहीं मिली थी। 1995 में ही प्रदर्शित हुई फिल्म 'दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे' में काजोल एक बड़ी स्टार बन गईं।
1998 में रिलीज हुई फिल्म 'प्यार तो होना ही था' में दोनों ने अपनी-अपनी मोहब्बत का इजहार किया। इसके बाद इन दोनों ने देर नहीं की और 1999 में महाराष्ट्रियन तरीके से यह शादी कर ली। इस शादी के बाद काजोल पहले की तरह फिल्में करती रहीं। इसके बाद उनकी अजय देवगन के साथ ही 'राजू चाचा', 'दिल क्या करे' जैसी फिल्में आईं।
अजय देवगन ने अपनी शादी के बारे में एक फिल्म के प्रमोशन के दौरान बताया था। अजय देवगन ने बताया, 'मैं नहीं चाहता था कि शादी पर ज्यादा हो-हल्ला हो। इसलिए सारी तैयारियां चुपचाप की। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले किसी को भनक लग गई। उसने पेपर में छाप दिया।'
अजय ने आगे कहा, 'फिर हमारी शादी का वेन्यू बदलकर मेरा घर हो गया। मेरी शादी में ज्यादा मेहनत नहीं लगी। मैं अपने कमरे से निकल कर छत पर गया, उधर शादी की और वापस अपने बेडरूम में आ गया।'