हिंदी सिनेमा में कई ऐसी
हीरोइनें रहीं जिन्होंने लोगों को ना सिर्फ अपनी बेजोड़ एक्टिंग का कायल बनाया बल्कि अपनी गजब की खूबसूरती से भी उन्हें अपने मोहपाश में बांधा। ऐसी ही एक हीरोइन रहीं लीला नायडू। 50 और 60 के दशक में लीला नायडू का खूब बोलबाला था।
1954 में फेमिना मिस इंडिया का ताज जीतकर वो चर्चा में थी हीं, साथ ही उसी दौरान वोग मैग्जीन की दुनियाभर में 10 सबसे ज्यादा खूबसूरत महिलाओं की लिस्ट में भी लीला नायडू का नाम था।
1960 में ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म 'अनुराधा' से लीला नायडू ने अपना डेब्यू किया। ये फिल्म सफलता का स्वाद तो नहीं चख सकी, लेकिन इस फिल्म में लीला नायडू की एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई। साथ ही इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला।
इसके बाद लीला नायडू के पास फिल्मों की झड़ी ही लग गई, लेकिन लीला नायडू ने अपने मन की ही सुनी और वही फिल्में चुनीं जिनकी गवाही उनके दिल ने दी। अपने करियर में लीला नायडू ने हर तरह के किरदार निभाए।
उनकी कई फिल्में ऐसी हैं जिन्हें आज भी उनके बेजोड़ अभिनय के लिए याद किया जाता है, इनमें 'ये रास्ते हैं प्यार के'. 'उम्मीद, 'आबरू', 'द गुरू' जैसी फिल्में शामिल हैं।