अली फजल के नाना का हुआ निधन, भावुक होकर अभिनेता ने बताया किस तरह उनके साये में गुजारा बचपन
अली फजल ने अपने इंस्टाग्राम पर नाना के साथ कई तस्वीरें साझा की हैं। इन फोटोज में अली अपने नाना के साथ दिख रहे हैं। मां के बाद नाना के निधन से अभिनेता को धक्का लगा है। अभिनेता ने बताया कि कैसे उन्होंने नाना के साये में बचपन गुजारा है। वहीं, उनके इस पोस्ट पर यूजर्स श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
अली फजल ने नाना की याद में एक नोट भी लिखा है। उन्होंने लिखा कि 'नाना ने मुझे छांव दी। उन्होंने मुझे साथ रखा, तब जब मेरे माता-पिता अलग-अलग होकर जिंदगी जी रहे थे। ऐसे समय में मुझे नाना-नानी का सहारा मिला।'
अली ने आगे लिखा कि 'मां के जाने के बाद मैं टूट चुका था। एक साल के अंदर नाना भी चले गए। मुझे लगता है, यही उनकी इच्छा थी। इस देश में कई लोग संघर्ष कर रहे हैं तो हम भी कर सकते हैं, लेकिन इसने मुझे फिर से तोड़ दिया। जैसे ही मैंने उन्हें अलविदा कहा- लग रहा मैंने अपने ही एक वर्जन को अलविदा कह दिया।'
अभिनेता ने आगे लिखते हुए बताया कि 'नाना चाहते थे कि उनके अंतिम संस्कार में मैं कोई चुटकुला सुनाऊं। नाना को दुखी लोग नहीं पसंद थे। इसलिए मैंने उनकी कब्र पर एक नोट लिख के छोड़ दिया है। उस नोट में मैंने लिखा है कि 'SAY CHEESE' ये एक इनसाइड जोक था।'