अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर विदेश में एक ही छत के नीचे पार्टी करते दिखे। दोनों बॉलीवुड एक्टर मोहित मारवाह की शादी में गए थे। इस फंक्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
हालांकि, मोहित मारवाह और अंतरा मोतीवाल (#antumoh) की जितनी भी तस्वीरें सोशल मीडिया पर आई हैं, उनमें से किसी में भी ये एक्स लव बर्ड्स साथ नहीं दिखे। अभिषेक बच्चन जहां करण जौहर, रैपर बादशाह और गुरु रंधावा के साथ पार्टी करते दिखे, वहीं करिश्मा ज्यादातर वक्त अथिया शेट्टी और मनीष मल्होत्रा के साथ बिताते दिखीं।
अभिषेक बच्चन की बहन श्वेता नंदा भाई के साथ साथ उनकी एक्स मंगेतर करिश्मा कपूर के साथ भी फ्रेम शेयर करती नजर आईं। गौरतलब है कि अभिषेक और करिश्मा की शादी होने वाली थी लेकिन किन्हीं कारणों की वजह से उनकी सगाई टूट गई। इसके बाद ना तो दोनों कभी साथ नजर आए, ना ही किसी फिल्म में साथ काम किया।
दूल्हे की बहन सोनम कपूर ने भी इंस्टाग्राम पर एक ग्रुप फोटो शेयर की जिसमें वह अपने ब्वॉयफ्रेंड आनंद आहूजा, श्वेता नंदा, करण जौहर और अभिषेक बच्चन के साथ नजर आ रही हैं।
गौरतलब है कि यूएई में रस उल-खेइमा के वॉल्डोर्फ एस्टोरिया होटल से मोहित और अंतरा की शादी हुई। शादी में कपूर खानदान के अलावा श्वेता बच्चन, अभिषेक बच्चन, कियारा आडवाणी, अथिया शेट्टी, करिश्मा कपूर, मनीष मल्होत्रा, करण जौहर और सिद्धार्थ कपूर भी नजर आए। मोहित की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।