अगर आप 90 के दशक के किड हैं तो उस समय का हिट सीरियल शक्तिमान आप कैसे भूल सकते हैं। 'रामायण', 'महाभारत', 'शकालाका बूम बूम','चित्रहार' और 'रंगोली' उस दौर के ऐसे प्रोग्राम हुआ करते थे, जिन्हें देखने के लिए पूरे हफ्ते का इंतजार करते थे।
साल 1997 से शुरू हुआ यह शो साल 2005 में खत्म हुआ। बच्चे इस शो के इतने दीवाने हुआ करते थे कि शक्तिमान की तरह घूम-घूमकर उड़ने की कोशिश में कई बच्चे अपनी जान गवां बैठे थे।
अब आप सोच रहे होंगे कि 2005 में खत्म हो गए सीरियल की बात आज हम क्यों कर रहे हैं तो आपको बता दें शक्तिमान एक बार फिर से लौट आया है। यूट्यूब पर शक्तिमान के फेमस टाइटल सॉन्ग का नया वर्जन सुनकर आपकी पुरानी यादें एकदम ताजा हो जाएंगी।
यूट्यूब चैनल मातृभूमि कप्पा टीवी ने 'शक्तिमान 1000 सीसी' नामक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें आप शक्तिमान के टाइटल ट्रैक को बिल्कुल अलग अंदाज में सुन पाएंगे। इस ट्रैक को सुनने के बाद आपकी पुरानी यादें जरूर ताजा हो जाएंगी। लोगों ने इस ट्रैक को सुनने के बाद पुरानी यादें ताजा करने के लिए शुक्रिया कहा तो किसी ने यमराज किलविश को याद किया।