2.0 फिल्म को रिलीज हुए 9 दिन पूरे हो गए हैं। वीकडेज में भी फिल्म ने शानदार कलेक्शन किया है। इसका दूसरा वीकेंड शुरू हो गया है। रजनीकांत और अक्षय कुमार की जुगलबंदी वाली इस फिल्म ने दुनिया भर में अपना करिश्मा दिखाया और हर दिन-दिन नए रिकॉर्ड बना रही है।
फिल्म यूपी, बिहार और गुजरात के थियेटर्स में अच्छा बिजनेस कर रही है। धीमी शुरुआत के बाद इसने अच्छी रफ्तार पकड़ी। बीते शुक्रवार को सारा अली खान की केदारनाथ रिलीज हुई ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि नई रिलीज से 2.0 पर असर पड़ सकता है लेकिन केदारनाथ को क्रिटिक्स के मिले-जुले रिएक्शन मिले। अब ऐसे में माना जा रहा है 2.0 मजबूती के साथ टिकी रहेगी।
बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक शुक्रवार को फिल्म के हिन्दी वर्जन ने 5.75 से 6 करोड़ तक कमाई की है। गुरुवार की अपेक्षा फिल्म की कमाई में 20-25 फीसदी की गिरावट हुई है। फिल्म ने 9 दिन में कुल 143.50 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इसी के साथ 2.0 अक्षय कुमार की अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म भी बन गई है।
रजनीकांत और अक्षय कुमार के फैंस के लिए चीन से भी अच्छी खबर आई है। प्रोडक्शन कंपनी लाइका ने फिल्म के चीन में रिलीज होने की जानकारी ट्विटर के जरिए दी है। एक नोट को शेयर करते हुए लाइका प्रोडक्शंस ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि फिल्म 2.0 अगले साल तक चीन के 10,000 थियेटर और 56,000 स्क्रीन पर रिलीज होगी। इनमें से 47000 3D स्क्रीन है।
लाइका प्रोडक्शंस चीन की मशहूर प्रोडक्शन कंपनी HY मीडिया के जरिए चीन में 2.0 को रिलीज करेगी। यह फिल्म अगले साल मई में चीन में रिलीज की जाएगी। बीते एक-डेढ़ साल में कई भारतीय फिल्में चीन में रिलीज हुईं, जिनमें दंगल, बजरंगी भाईजान और सीक्रेट सुपरस्टार प्रमुख हैं। इन फिल्मों ने चाइनीज बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया।