2003 में 15 अगस्त को सलमान खान की एक फिल्म रिलीज हुई थी, जो युवाओं को काफी पसंद आई थी। जी हां, ये वही फिल्म थी जिसने सलमान के डूबते करियर को सहारा दिया था। सलमान रातों रात राधे के नाम से मशहूर हो गए थे। उस दौर के युवा सलमान के हेयरस्टाइल से प्रेरित होकर वैसे ही बाल कटवाने लगे थे। इस फिल्म में सलमान खान के साथ भूमिका चावला नजर आईं थीं, जो उनकी पहली फिल्म थी। फिल्म में सचिन खेड़ेकर, रवि किशन, इंदिरा कृष्णन नजर आई थीं। आज इस फिल्म को रिलीज हुए 17 साल बीत गए हैं।
'तेरे नाम' तमिल की एक फिल्म 'सेतु' का रीमेक थी। इसी फिल्म के दौरान अनुराग कश्यप और सलमान खान की दुश्मनी शुरू हुई थी। दरअसल पहले इस फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप कर रहे थे। कहा जाता है कि अनुराग का कहना था कि फिल्म का हीरो मथुरा, आगरा साइड का था। तो सलमान को यूपी वाले लड़के के किरदार में अनुराग नहीं देख पा रहे थे। इसलिए अनुराग ने कोशिश की और सलमान को छाती के बाल बढ़ाने की सलाह दी।
सलमान, अनुराग को देखते रहें और उनकी पूरी बात उसने सुनी। पर कुछ बोला नहीं। अगले ही दिन अनुराग कश्यप को फिल्म के प्रोड्यूसर का फोन आया। अनुराग जब उससे मिलने पहुंचे तो उनकी तरफ एक कांच की बोतल उड़ते हुए आई। इसके बाद प्रोड्यूसर ने चीखते हुए कहा- तू सलमान को बाल उगाने को बोलेगा! इसके बाद अनुराग कश्यप रातों रात फिल्म से रिप्लेस हो गए और बाद में इस फिल्म को सतीश कौशिक ने डायरेक्ट किया।
'तेरे नाम' सलमान खान के लिए गेम चेंजर साबित हुई, फिल्म खूब चली। खासकर फिल्म में सलमान का लंबे बालों वाला लुक सबको खूब पसंद आया। युवाओं में इसका क्रेज बहुत ज्यादा बढ़ा और हर कोई इसी स्टाइल में हेयर कट कराने लगा। फिल्म में पागल आशिक के किरदार में सलमान ने खुद को ऐसे ढाला कि आज भी लोग तेरे नाम को उनकी बेहतरीन फिल्मों में शुमार करते हैं।
इस फिल्म ने उस दौरान कमाई के कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। इस फिल्म के लिए रवि किशन को सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया था। इस फिल्म की कहानी बाला ने लिखी थी, जो तमिल वर्जन के निर्देशक भी थे। कहा जाता है कि तेरे नाम की कहानी बाला के एक दोस्त की असल जिंदगी से प्रेरित थी, जो एक लड़की के प्यार में पड़ जाते हैं और बाद में उनके मेंटल असाएलम जाना पड़ा था।